होमHimachalChambaचंबा में इस बार ज्यादा बर्फबारी की संभावना, प्रशासन ने कसी कमर;...

चंबा में इस बार ज्यादा बर्फबारी की संभावना, प्रशासन ने कसी कमर; विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में गुरुवार को शीतकालीन तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

चंबा : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वाधान में शीतकालीन तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी शीतकालीन मौसम के दौरान संभावित बर्फबारी, सड़क यातायात, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्यान्न उपलब्धता, संचार व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष शीतकालीन मौसम के दौरान अधिक बर्फबारी की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूर्ण रखें।

उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों के अनुभवों के आधार पर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना आवश्यक है, ताकि आम जनमानस, पर्यटकों तथा दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने संबंधित उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने उपमंडल स्तर पर विभागीय तैयारियों की समीक्षा करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के स्थानीय अधिकारियों को को बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में सड़क बहाली के लिए पर्याप्त मशीनरी, उपकरण एवं प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

विशेषकर डलहौजी, खज्जियार, बनीखेत, भरमौर एवं पांगी क्षेत्रों में सड़क यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए अग्रिम प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनचएआई तथा लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क बहाली कार्यों में संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

ये भी पढ़ें:  अलर्ट! चमेरा-lll बांध खड़ामुख के जलाशय से छोड़ा जाएगा पानी, निचले इलाकों में खतरे की चेतावनी

उन्होंने विद्युत विभाग को बर्फबारी के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित होने की संभावनाओं के दृष्टिगत आवश्यक उपकरण, ट्रांसफार्मर, मानव संसाधन एवं वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, जल शक्ति विभाग को पेयजल पाइपलाइनों को सुरक्षित करने तथा बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, एवं सेवाओं की निरंतरता तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम को तत्पर रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को दुर्गम एवं बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में अग्रिम खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों के आपदा प्रबंधन प्लान अद्यतन करने तथा बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों के विद्यालयों में आवश्यक हीटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय भवनों की सुरक्षा का निरीक्षण कर संवेदनशील एवं असुरक्षित भवनों की पहचान करने को कहा।

ये भी पढ़ें:  पवित्र मणिमहेश यात्रा आज से शुरू, रोजाना इतने श्रद्धालु जाएंगे... 4 और 18 सितंबर को होंगे शाही स्नान

उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर आपदा संबंधी सूचनाओं के प्रसार, स्थानीय प्रतिक्रिया तथा सामुदायिक भवनों को आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में उपयोग करने की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों को जिला आपदा आपातकालीन संचालन केंद्र के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने को भी कहा।

बैठक में युवा आपदा मित्र स्वयंसेवकों तथा पंचायत आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी संबंधित अधिकारियों के पास अद्यतन रखने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में इन स्थानीय संसाधनों का त्वरित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने डलहौजी, खज्जियार एवं मणिमहेश जैसे संवेदनशील पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम पूर्वानुमान, पंजीकरण, आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, बर्फबारी के दौरान पर्यटकों की आवाजाही एवं परमिट व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

उपायुक्त ने दूरसंचार विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में संचार नेटवर्क की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा डीजल आधारित नेटवर्क प्रणालियों के लिए पर्याप्त ईंधन एवं वैकल्पिक ऊर्जा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को अपने नोडल अधिकारियों के संपर्क नंबर सक्रिय रखने तथा दैनिक रिपोर्ट निर्धारित समय पर प्रस्तुत करने को कहा।

ये भी पढ़ें:  पांगी के स्कूलों और छात्रावासों का निरीक्षण करेंगे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, 27 व 28 अक्टूबर का कार्यक्रम जारी

इसके अतिरिक्त जिला एवं जिला रेड क्रॉस सोसायटी को आवश्यक राहत सामग्री एवं किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग एवं होमगार्ड्स को मेडिकल कॉलेज, अस्पतालों, छात्रावासों एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय एवं संचार व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, अपनी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य शीतकालीन मौसम के दौरान आम जनता, पर्यटकों एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा सभी आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखना है। बैठक का संचालन अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने किया।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More