चंबा : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के तहत छठी कक्षा में प्रवेश के लिए जिले में अधिकाधिक विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित बनाने को लेकर सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से उपलब्ध सभी माध्यमों का उपयोग करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा है। उपायुक्त ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं के पंजीकरण में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने निर्देश भी दिए हैं। साथ में इच्छुक अभिभावकों, शिक्षकों से बच्चों का ऑनलाइन पंजीकरण अंतिम तिथि से पूर्व करवाने का आह्वान किया है।
उन्होंने यह भी कहा है कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक चयन परीक्षा और ऑनलाइन पंजीकरण से संबंधित जानकारी पहुंचाने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों,विभागीय अधिकारियों एवं सभी हितधारकों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
31 जुलाई से पहले करें ऑनलाइन आवेदन
जवाहर नवोदय विद्यालय के तहत छठी कक्षा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। पंजीकरण नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट नवोदय डॉट जीओवी डॉट इन (www.navodaya.gov.in) और एचटीटीपीएस कॉलन डबल स्लैश सीबीएसईआईटीएमएस डॉट आरसीआईएल डॉट जीओवी डॉट इन स्लैश एनवीएस (https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs) के माध्यम से किया जा सकता है।
उल्लेखनीय यह है कि जवाहर नवोदय विद्यालय जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत सरोल में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के नए निर्माणाधीन परिसर की परिधि में संचालित है। यह विद्यालय देश की प्रतिष्ठित आवासीय शिक्षण संस्थाओं में से एक है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है।
विद्यालय से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थी वर्तमान में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर चंबा जिले को गौरवान्वित कर रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
