Home Himachal Chamba केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने चंबा में किए 25.86 करोड़ के विभिन्न...

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने चंबा में किए 25.86 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से पिछले 11 वर्षों में सड़क सुविधाओं, बैंकिंग सेवाओं, मोबाइल व इंटरनेट सेवाओं में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।

0

चंबा : केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जिला चंबा के अंतर्गत भंजराड़ू (तीसा) और सलूनी में 25.86 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। भारत सरकार के अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे इन कार्यों में भंजराड़ू (तीसा) में 9.84 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला आईटीआई भवन व 7 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला इंडोर स्टेडियम और सलूनी में 9.02 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला इंडोर स्टेडियम भी शामिल है।

इस अवसर पर भंजराड़ू (तीसा) व सलूनी में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों से देश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। केंद्र सरकार के प्रयासों से पिछले 11 वर्षों में सड़क सुविधाओं, बैंकिंग सेवाओं, मोबाइल व इंटरनेट सेवाओं में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में मूलभूत सुविधाओं संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ भविष्य की अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रयत्नशील है।

ये भी पढ़ें:  माजरा प्रकरण पर नेता प्रतिपक्ष जयराम की दो टूक : जेल जाने से नहीं डरते, सांसद-विधायक सब तैयार 

उन्होंने क्षेत्र वासियों से अपील की कि वे केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भंजराड़ू में बनने वाला इंडोर स्टेडियम 18 महीने तथा सलूनी में बनने वाला इंडोर स्टेडियम 20 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने भंजाराडू व सलूनी में स्थानीय वासियों द्वारा रखी गई मांगों बारे बोलते हुए कहा कि उनकी केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक मंत्रालय से संबंधित सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा उद्यमिता विकास के दृष्टिगत जिला चंबा में 25 करोड़ खर्च किए गए हैं, जिसमें 324 पात्र लाभार्थियों को 6 प्रतिशत ब्याज की दर पर ऋण सुविधा दी गई है। अल्पसंख्यकों को देश विदेश में शिक्षा ग्रहण करने के लिए 3 प्रतिशत की दर से 25 लाख रुपए तक की लोन सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी की अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा इस वर्ष 175 000 मुस्लिम समुदाय के लोगों को हज यात्रा पर भेजा जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  जंगलों के रखवालों ने तैयार किया "सिरमौर वन विहार", ज्ञान-संस्कृति-प्रकृति का अनूठा संगम, जानें इस टूरिस्ट स्पॉट की खासियत

इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले जिला चंबा से संबंधित 65 हज यात्री शामिल है। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा जिला चंबा में 31 करोड पर विकास कार्य आरंभ किए गए हैं जिनमें आज किए गए तीन कार्यों के शिलान्यास के अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डियूर का भवन भी शामिल है जिसका पूर्व में शिलान्यास किया जा चुका है।

कार्यक्रमों में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर और अल्पसंख्यक मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव राम सिंह ने भी संबोधित किया। सांसद राजीव भारद्वाज ने केंद्र सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं बारे महत्वपूर्ण जानकारी दी। विधायक डीएस ठाकुर ने अपने संबोधन में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के अलावा केंद्रीय मंत्री के समक्ष अपने क्षेत्र के लिए कई प्रमुख मांगे रखी। संयुक्त सचिव राम सिंह ने भारत सरकार द्वारा अल्पसंख्यक मंत्रालय के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में डीसी मुकेश रेपसवाल ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के अलावा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और उपस्थित अन्य सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें:  रेलवे लाइन निर्माण कार्य का DC ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के निर्देश

इस अवसर पर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ राजीव भारद्वाज, विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विधायक डी एस ठाकुर प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज नरयाल, अल्पसंख्यक मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव राम सिंह, निजी सचिव सचिन जायसवाल (आईएएस), उपायुक्त मुकेश रेपसवाल , पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, एसडीएम तीसा राजेश जरयाल, एसडीएम सलूनी चंद्रबीर सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी और स्थानीय क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।