भोरंज : उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को विकास खंड भोरंज की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा करके इनमें जारी विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों से इन विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों के बारे में महत्वपूर्ण फीडबैक भी लिया।
उपायुक्त ने ग्राम पंचायत धीरड़ में पौधारोपण की साइट एवं अन्य कार्यों, ग्राम पंचायत कक्कड़ में मनरेगा के तहत निर्मित क्रेट वॉल, बावड़ी के जीर्णोद्धार, महिला मंडल भवन और अन्य कार्यों का निरीक्षण किया।
ग्राम पंचायत जाहू में उन्होंने खेल के मैदान के कार्य, संपर्क मार्ग को पक्का करने के कार्य और अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अन्य पंचायतों में भी विकास कार्यों की ताजा स्थिति की जानकारी ली।
उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों तथा पंचायत जनप्रतिनिधियों से कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित अवधि में पूरे होने चाहिए और इनमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी, अन्य अधिकारियों तथा स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों की ताजा स्थिति से अवगत करवाया।
