शिमला : हिमाचल प्रदेश में ज्येष्ठ माह की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। मैदानी इलाकों में हालात ऐसे हो गए हैं कि दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है। प्रदेश के ऊना में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि पांवटा साहिब और नेरी में भी रिकॉर्डतोड़ गर्मी दर्ज की गई है।
ऊना में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस समर सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। वहीं पांवटा साहिब और नेरी में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। लगातार चार दिन से मौसम साफ रहने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के मैदानी इलाकों में 20 और 21 मई के लिए हीटवेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। ऊना, पांवटा साहिब, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर और सोलन में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं और लोगों को राहत नहीं मिल पा रही।
मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। 23 और 24 मई को पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। वहीं 25 मई से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में फिर से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।
