शिमला : हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय है और कई जिलों में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बारिश से भूस्खलन और सड़कें बंद होने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन जिले में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिलासपुर और सिरमौर जिले में मध्यम से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार मैदानी और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के आसार हैं। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। 7 और 8 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 9 और 10 जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। 11 और 12 जुलाई को फिर अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा 12 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
