लाहौल-स्पीति : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में संसारी- टिंदी-थिरोट (उदयपुर-किलाड़) सड़क पर शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जहां कुल्लू से लाहौल होते हुए चंबा के पांगी जा रही टाटा सूमो टैक्सी (एचपी-01एम-2210) अचानक पहाड़ी से गिरी भारी चट्टानों और मलबे की चपेट में आ गई। इस हादसे में वाहन में सवार सभी 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ये हादसा लाहौल-पांगी की सीमा पर कडूनाला के समीप पेश आया।
बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ हाईवे पिछले दिन बंद होने के कारण ये सभी लोग तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद टाटा सूमो टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें गिरने से वाहन उसकी चपेट में आ गया।
हादसा इतना खतरनाक था कि चालक और वाहन में सवार अन्य लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वाहन मलबे में दबकर बुरी तरह चकनाचूर हो गया। बताया गया कि चट्टान गिरते ही गाड़ी में आग गई थी। बीआरओ के एक अधिकारी ने अग्निशमन स्प्रे से आग पर तुरंत काबू पा लिया।
सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, बीआरओ के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर शुरू किया। बीआरओ ने मशीनों से मलबा हटाकर कड़ी मशक्कत के बाद वाहन से सभी शवों को बाहर निकाला।
हादसे में एक छह माह की बच्ची समेत आठ पुरुषों और चार महिलाओं की मौत हो गई। हादसे के बाद पांगी और उदयपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने हादसे में छह माह की एक बच्ची सहित 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
चालक समेत पांगी के 11, लाहौल के 2 लोगों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों में बीर सिंह (35) पुत्र सुरम चंद निवासी घिसल (पांगी), उनके बेटे सौरभ सिंह (12), चालक बीर सिंह पुत्र लाल चंद निवासी गांव शूण (पांगी), बुद्धि सिंह (46) पुत्र सामल दास निवासी साच (पांगी), उनकी पत्नी कमला कुमारी (40), अनिल कुमार (26) पुत्र हरी किशन निवासी साच (पांगी), रेखा (24) पुत्री महेंद्र कुमार निवासी हिलोर (पांगी), अंजना पुत्री चैन सिंह निवासी साहली (पांगी), संजय पुत्र मोहन लाल निवासी कुमार (पांगी), मंगल चंद पुत्र सुखदेव निवासी चस्क (पांगी), इंद्र सिंह पुत्र दुनी चंद निवासी कुठाह (पांगी), सोनम अंगमो पत्नी छेरिंग दोरजे निवासी छालिंग, उदयपुर (लाहौल) और उनकी बेटी आरवी (6 माह) शामिल हैं।
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लाहौल-स्पीति जिला में चट्टानें गिरने के कारण हुए हादसे में 13 लोगों की मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लाहौल-स्पीति के उपायुक्त को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।
