होमHimachalMandiहिमाचल में भीषण सड़क हादसा, 250 फीट गहरी खाई में गिरी कार,...

हिमाचल में भीषण सड़क हादसा, 250 फीट गहरी खाई में गिरी कार, छह लड़कों की एक साथ मौत से पसरा मातम

हादसे के बाद करीब 15 घंटे तक किसी को दुर्घटना का पता नहीं चला। बुधवार दोपहर बाद खाई में कार दिखाई देने के बाद इस दर्दनाक हादसे का खुलासा हुआ।

मंडी/जोगिंद्रनगर : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में छह परिवारों की खुशियां एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छीन लीं। जोगिंद्रनगर के लडभड़ोल क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक कार करीब 200 से 250 फुट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में कार सवार छह लड़कों की मौत हो गई। इनमें चार नाबालिग भी शामिल बताए गए हैं। हादसे के बाद करीब 15 घंटे तक किसी को दुर्घटना का पता नहीं चला। बुधवार दोपहर बाद खाई में कार दिखाई देने के बाद इस दर्दनाक हादसे का खुलासा हुआ।

जानकारी के अनुसार सभी छह लड़के मंगलवार को एक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। बुधवार सुबह तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवारों ने पुलिस की मदद से उनकी तलाश शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें:  प्राइवेट स्कूल छोड़ 6 बच्चों ने सरकारी स्कूल कांसर का किया रुख, सुविधाओं और प्रयासों का दिखा असर

इसी बीच लडभड़ोल पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहे एक बाइक सवार की नजर खाई में गिरी दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी। उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।

इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया। गहरी खाई में उतरकर कार तक पहुंचे लोगों ने सवारों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी छह लड़कों की मौत हो चुकी थी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आयुष राय, अनुज कुमार और यश राय निवासी सिमस के रूप में हुई है। इनके अलावा पंकज कुमार निवासी गवाला, अर्णव ठाकुर निवासी गवाला और आदित्य कुमार निवासी दरोब की भी इस दुर्घटना में मौत हुई है। छह लड़कों की एक साथ मौत की खबर से सिमस, गवाला और दरोब सहित पूरे लडभड़ोल क्षेत्र में शोक की लहर है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप जीप, चालक ने गाड़ी से कूदकर बचाई अपनी जान

बताया जा रहा है कि लडभड़ोल बाजार में दुकान और अपना व्यवसाय चलाने वाले लोगों के यह बच्चे सिमस में किसी नामकरण समारोह में गए थे। वहां से वापस आते वक्त इनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

उधर, तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।

फिलहाल कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

सीएम सुक्खू ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मंडी जिला के लडभड़ोल बाजार में पेट्रोल पंप के समीप एक कार के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार सभी छह लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।

ये भी पढ़ें:  जल शक्ति विभाग में 40 पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 25 अगस्त तक कर सकेंगे अप्लाई

इस भीषण सड़क हादसे ने मन को गहरी वेदना से भर दिया है। अपने प्रियजन को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजन को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More