HomeHimachalSirmaurतिलोरधार माइन हादसा: भारी मलबे के बीच दबे तीनों शव बरामद, माहौल...

तिलोरधार माइन हादसा: भारी मलबे के बीच दबे तीनों शव बरामद, माहौल गमगीन, 10 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

जिला सिरमौर के तिलोरधार क्षेत्र के बागनधार में चूना पत्थर की माइन में हुए भूस्खलन के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

शिलाई : जिला सिरमौर के तिलोरधार क्षेत्र के बागनधार में चूना पत्थर की माइन में हुए भूस्खलन के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 10 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीनों शवों को मलबे से बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू के दौरान पहले टिप्पर चालक अनिल कुमार (26) निवासी बड़वास, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर का शव मलबे से निकाला गया। इसके बाद शाम को नेपाली मजदूर धन सिंह (55) निवासी नगरपालिका बेदकोट, जिला कंचनपुर, नेपाल का शव भी बरामद कर लिया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान क्षेत्र में घनी बरसाती धुंध ने थोड़े समय के लिए रेस्क्यू कार्य में खलल डाला। अंधेरा होने और रेस्क्यू रोकने से ठीक पहले टीमों ने तीसरा शव भी बरामद कर लिया। मृतक की पहचान नेपाली मूल के गजेंद्र सिंह (50-55) के तौर पर हुई है।

ये भी पढ़ें:  DC सिरमौर की जिलावासियों से अपील: सर्वेक्षण कार्य में करें पूर्ण सहयोग, सही और पूर्ण जानकारी देना जरूरी

बता दें कि गत मंगलवार दोपहर बाद बागनधार की भीमगोडा माइन में भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ से आए भारी मलबे और चट्टानों की चपेट में दो डंपर और एक एलएनटी मशीन दब गई थी। हादसे के समय डंपरों में एक चालक और दो मजदूर मौजूद थे। तीनों मलबे में दब गए थे।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बुधवार को एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम ने सुबह करीब 8 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 10 घंटे तक चले अभियान के दौरान रेस्क्यू टीमों ने तीनों शव बरामद कर लिए।

ये भी पढ़ें:  बद्दी पुलिस के 'ऑपरेशन गनडाउन' को मिला Final Silver SKOCH Award, एसपी ने लिया सम्मान

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लगातार बारिश, घने कोहरे और मलबा खिसकने की आशंका के कारण टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद रेस्क्यू टीमों ने संभावित स्थानों पर मलबा हटाकर लगातार तलाश जारी रखी और तीनों शवों को बाहर निकाल लिया।

डीसी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर भी मौके पर मौजूद रहे। एसडीएम शिलाई जसपाल के नेतृत्व में पूरे अभियान को संचालित किया गया। तीनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 31 जुलाई अंतिम तारीख

एसडीएम जसपाल ने बताया कि तीनों शवों को बरामद कर लिया गया है। चूना खदान पर काफी जोखिम के बावजूद टीमें मौके पर डटी रहीं और तीनों शवों को खोजकर बाहर निकाल लिया है। मामले में अब आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More