शिमला : हिमाचल प्रदेश में इस बार मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। कांगड़ा, सोलन, मंडी, सुंदरनगर और नेरी जैसे क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। तेज धूप के कारण दिन के समय गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में ऊंची चोटियों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे तापमान में कुछ राहत मिल सकती है।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वीरवार को दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। तापमान बढ़ने के कारण मैदानी इलाकों के साथ-साथ मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय अभी भी हल्की ठंड बनी हुई है, लेकिन दिन के समय धूप की तीव्रता काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। खासकर मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों के दौरान गर्मी का असर और तेज होने की संभावना है। इससे लोगों को दिन के समय अधिक गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हमीरपुर और पालमपुर जैसे क्षेत्रों में भी दिन के समय गर्मी का असर बढ़ने लगा है।
9 मार्च से करवट लेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 9 मार्च से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। विभाग ने 9 मार्च को ऊंची चोटियों पर बारिश और हल्की बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। 10 मार्च को मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है, जबकि 11 मार्च को पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इससे मार्च की शुरुआत में पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।



