HomeBreakingक्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों...

क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सीनियर सिटीजन’ ओपीडी शुरू

डॉ. सिंह ने बताया कि समर्पित सीनियर सिटीजन ओपीडी के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों की समग्र स्वास्थ्य जांच की जा रही है, जिसमें शारीरिक, मानसिक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं का आकलन शामिल है।

बिलासपुर : जिला बिलासपुर के क्षेत्रीय अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित सीनियर सिटीजन ओपीडी शुरू कर दी गई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में कक्ष संख्या 209 में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित ओपीडी का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस ओपीडी में आयु से संबंधित बीमारियों से ग्रस्त वरिष्ठ नागरिकों का प्राथमिकता के आधार पर उपचार किया जा रहा है।

डॉ. सिंह ने बताया कि समर्पित सीनियर सिटीजन ओपीडी के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों की समग्र स्वास्थ्य जांच की जा रही है, जिसमें शारीरिक, मानसिक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं का आकलन शामिल है। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था में एक से अधिक दीर्घकालिक बीमारियां जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों की समस्या, स्मृति से जुड़ी बीमारियां आम होती हैं, जिनके लिए समन्वित और निरंतर चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता होती है। इस ओपीडी के माध्यम से ऐसे मरीजों को एक ही स्थान पर समुचित परामर्श और उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  महिला होमगार्ड कर्मियों को 26 हफ्ते का मातृत्व अवकाश, भरे जाएंगे 1000 से अधिक पद, क्लिक पर पढ़ें मंत्रिमंडल के तमाम बड़े फैसले

उन्होंने बताया कि इस समर्पित ओपीडी में रोगों की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसमें गिरने से बचाव, आवश्यक टीकाकरण तथा हड्डियों से संबंधित बीमारियों की जांच शामिल है। आवश्यकता के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों को परामर्श, फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास जैसी सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ समन्वय स्थापित कर वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्यक्तिगत उपचार योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस समर्पित सीनियर सिटीजन ओपीडी के संचालन के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. विनीत की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ओपीडी की लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और उन्हें सम्मानजनक, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह व्यवस्था जिला बिलासपुर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और राहत प्रदान करने वाला कदम सिद्ध होगी।

ये भी पढ़ें:  सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के भरे जाएंगे 150 पद, इन तिथियों पर होंगे कैंपस इंटरव्यू
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More