शिमला : जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र की ग्राम पंचायत धार के धार गांव में शुक्रवार रात भीषण अग्निकांड में पांच रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
आग की चपेट में आने से नानक चंद चौहान, हरनाम सिंह, नरेंद्र सिंह, मनिदा देवी और अनिल धांटा के मकान जल गए। हादसे में पांच परिवारों का घरेलू सामान और अन्य संपत्ति भी आग की भेंट चढ़ गई। गनीमत ये रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जुब्बल थाना प्रभारी चेतन चौहान ने बताया कि रात करीब 11:20 बजे जुब्बल अग्निशमन केंद्र को धार गांव में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए रोहड़ू, कोटखाई और टिक्कर से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ीं।
आग तेजी से फैलने के कारण स्थानीय पुलिस और ग्रामीण भी दमकल कर्मियों के साथ बचाव कार्य में जुट गए। दमकल कर्मियों ने रातभर कड़ी मशक्कत की और आग को गांव के अन्य मकानों तक फैलने से रोकने के लिए सुबह तक मोर्चा संभाले रखा। बाद में आग पर काबू पाया गया।
एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि धार गांव में आग लगने की घटना सामने आई है और दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अग्निकांड में पांच परिवारों के आशियाने जलने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। आग में घरेलू सामान और अन्य संपत्ति नष्ट होने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। संपत्ति को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
