
शिमला : राजधानी शिमला में टालैंड-खलीनी सड़क पर कार और टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर में 2 पुलिस जवानों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के समीप हुआ। दोनों जवान आल्टो कार में सवार होकर टालैंड से खलीनी की ओर जा रहे थे। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। पुलिस जवानों की मौत से शिमला क्षेत्र समेत महकमे में शोक की लहर है।
शिमला पुलिस के अनुसार, कार नंबर HP 52A-2767 और टैंकर नंबर HP 92A-9229 के बीच टक्कर हुई। हादसे में हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण मेहता निवासी ननखड़ी और कॉन्स्टेबल हेमंत कुमार निवासी जुब्बल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों पुलिसकर्मी पुलिस लाइन कैंथू में तैनात थे। हादसे की सूचना मिलते ही शिमला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
एसपी गौरव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आगामी तफ्तीश में जुटी हुई है।