शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 से 13 अक्टूबर तक प्रदेश के 12 जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
सप्ताह के अन्य दिनों में भी कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 13 अक्टूबर को मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि मैदानी और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटों के दौरान कांगड़ा जिले के पालमपुर में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला जिले के सराहन में 2 सेंटीमीटर, कुल्लू जिले के बजौरा और कोठी में 1-1 सेंटीमीटर तथा मंडी जिले के पंडोह में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई।
बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलीं। ताबो में हवा की रफ्तार 63 किलोमीटर प्रति घंटा और हमीरपुर जिले के नेरी में 33 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। सुंदरनगर, कांगड़ा, भुंतर और जोत में गरजने की घटनाएं भी दर्ज की गईं।
