राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल में कक्षा 11वीं की एक छात्रा का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका पीएम श्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजगढ़ की छात्रा थी। हालांकि, छात्रा की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा मूल रूप से जिला शिमला की चौपाल तहसील के सेरी गांव की रहने वाली थी। वह पिछले कुछ समय से परिवार के साथ राजगढ़ में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शिक्षकों के अनुसार वह पढ़ाई में होनहार, अनुशासित और शांत स्वभाव की छात्रा थी। विद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उसकी सक्रिय भागीदारी रहती थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह छात्रा विद्यालय नहीं पहुंची तो शुरुआत में इसे सामान्य अनुपस्थिति माना गया। कुछ समय बाद उसके किराये के कमरे में उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन, छात्रा के सहपाठी और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम चौहान ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को दोपहर में लंच ब्रेक के दौरान घटना की जानकारी मिली। घटना के समय छात्रा कमरे में अकेली थी। उसकी माता वार्ड नंबर-5 में आयोजित एक पौधारोपण कार्यक्रम में गई हुई थीं। छात्रा अपनी माता और दो अन्य बहनों के साथ किराये के कमरे में रहती थी। उसकी एक बहन नौवीं और दूसरी छठी कक्षा में पढ़ती है।
उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असल कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
बहरहाल, इस घटना के बाद विद्यालय और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। शिक्षकों, सहपाठियों और स्थानीय लोगों ने छात्रा के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।