शिलाई : उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान शनिवार को पीएचसी कोटा पाब का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटा पाब में 23 लाख रुपए की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण भी किया। इससे पूर्व क्षेत्रवासियों ने उद्योग मंत्री का पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों को पीएचसी और रावमापा में निर्मित अतिरिक्त कमरों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार दूरदराज क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में ढांचागत सुविधाओं के साथ-साथ स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घरद्वार पर ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों के सुदृढ़ीकरण से भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि 19 करोड़ की लागत से शिलाई में निर्मित होने वाले 100 बिस्तरों के नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। इससे नागरिक अस्पताल शिलाई में मरीजों की सुविधा के लिए 100 बिस्तरों की व्यवस्था होगी। शिलाई अस्पताल में 250 से 300 मरीजों की प्रतिदिन की ओपीडी है, जिनके लिए 8 डॉक्टर मौजूद है।
उद्योग मंत्री ने कोटा पाब में क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। क्षेत्रवासियों ने सामूहिक समस्याओं सहित व्यक्तिगत समस्याएं भी उनके समक्ष रखीं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के प्रतिनिधि मंडलों ने उद्योग मंत्री के समक्ष उनके क्षेत्र से संबंधित मांगें भी रखीं।
उद्योग मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर समाधान किया और शेष मांगें व समस्याएं जो स्थानीय स्तर की थीं, उन्हें अधिकारियों को सौंपकर उनका समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा रखी गई मांगों को भी शीघ्र-अतिशीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, एसडीएम कफोटा रमन कुमार शर्मा, बीएमओ अजय देवल, उप निदेशक उच्च शिक्षा विजय राघव, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति प्रदीप चौहान, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
