कालाअंब : नाहन विधानसभा क्षेत्र की नागल सकेती पंचायत में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। जैश फैक्ट्री के समीप खतरनाक मोड़ पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट नीचे उफनती मारकंडा नदी में जा गिरी। कार में तीन महिलाएं, एक बच्चा और दो पुरुष सवार थे। सभी सवार सुरक्षित हैं। हालांकि एक व्यक्ति की टांग टूटने और अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि कार सवार पंजाब के रोपड़, नवांशहर और चंडीगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी उत्तराखंड स्थित नीम करोली बाबा के मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे जैश फैक्ट्री के पास तीखे मोड़ पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
150 फीट नीचे नदी में पहुंची कार
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तेजवीर सिंह, जगपाल, तनिष्क चौधरी, वीर सिंह, अनीश, रिंकू समेत अन्य लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया।
उफनती नदी में गिरने के बाद छह लोगों के सुरक्षित बचने की घटना से मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। श्रद्धालु नीम करोली बाबा के दर्शन से लौट रहे थे, इसलिए कुछ ग्रामीणों ने इसे बाबा की कृपा और चमत्कार से जोड़कर देखा।
टूटी सड़क और खतरनाक मोड़, बड़े सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की हालत और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों के अनुसार हादसे वाली जगह पर बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त है और तीखा मोड़ होने के बावजूद पर्याप्त बैरिकेड तथा चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब सड़क के नीचे इतनी गहरी खाई और नदी है तथा मोड़ भी बेहद संवेदनशील है, तो यहां वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए। लोगों ने संबंधित विभाग से इस स्थान पर तत्काल बैरिकेड लगाने, चेतावनी संकेतक लगाने और सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है।
कालाअंब-विक्रमबाग-पांवटा साहिब मार्ग पर स्थानीय वाहनों के अलावा उत्तराखंड की ओर आने-जाने वाले वाहन भी चलते हैं। बरसात के बीच इस सड़क की हालत काफी खस्ता हो चुकी है।
कालाअंब से इस सड़क पर एंट्री करते ही किसी न किसी बड़ी दुर्घटना के शिकार होने का अंदेशा वाहन चालकों और यात्रियों में बना रहता है। इस सड़क पर कई फैक्ट्रियां भी मौजूद हैं।
इस वजह से भारी ट्रैफिक सड़क पर रहता है, लेकिन लोक निर्माण विभाग का सड़क सुधारने की तरफ कोई ध्यान नहीं है। इससे उद्योगपति भी काफी परेशान हैं।
ये सड़क कालाअंब से लेकर खजूरना तक हजारों की संख्या में लोगों को लाभान्वित करती है। मगर जैसी हालत सड़क की है, उससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है और वाहन भी कंडम हो रहे हैं। ऐसे में शुक्रवार का हादसा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल छोड़ गया है।
फिलहाल सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज नाहन में उपचार चल रहा है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी और संबंधित विभाग की आधिकारिक स्थिति सामने आना बाकी है।
