नाहन : विधायक नाहन अजय सोलंकी की अध्यक्षता में खंड विकास कार्यालय नाहन में विकास खंड के नव चयनित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उदेश्य बीपीएल परिवारों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा प्रदेश सरकार सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी गरीब परिवारों व दूर दराज के क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि इन परिवारों के उत्थान एवं कल्याण के साथ-साथ सुधार हेतु नई योजनाओं को भी तैयार किया जा सके।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत नेहली धीड़ा, बनेठी, नावनी, पंजाहल, धगेड़ा, रामाधौण, सैन की सेर तथा अबंवाला सैनवाला के 166 बीपीएल परिवारों की समस्याओं को सुना व संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के आदेश भी दिए।
इस दौरान उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम 10 अगस्त से 12 अगस्त, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विकास खंड नाहन की 28 पंचायतों के लगभग 596 बीपीएल परिवार शामिल होंगे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन परिवारों की आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, पेंशन संबंधी समस्याओं का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सा अधिकारी धगेड़ा डाॅ. जयंत ने हिम केयर योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी।
जिला कल्याण अधिकारी ने विभागीय जानकारी देते हुए अंतरजातीय विवाह योजना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित विभिन्न कैंपों के आयोजन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस पवन कुमार ने सुख आश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, पशु पालन विभाग के उप निदेशक डा. राजीव ने लम्पी वायरस की पहचान व रोकथाम के उपायों बारे, गाभीन गाय व भैंस के लिए फीड अनुदान, मुर्गी पालन योजना बारे जानकारी दी।
इसी प्रकार श्रम कल्याण अधिकारी पारितोष तोमर ने उनके विभाग द्वारा निर्माण कार्यो में लगे श्रमिकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर अध्यक्ष पंचायत समिति नाहन रमेश चंद, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी नाहन राहुल धीमान, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग प्रदीप ठाकुर, कार्यकारी अधिकारी उद्योग मंजीत सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व संबंधित पंचायतों के प्रधान व उप प्रधान उपस्थित रहे।
