HomeHimachalSirmaurअब नाहन को चाहिए जवाबदेह नगर परिषद, अव्यवस्थाओं से मुक्ति का वक्त...

अब नाहन को चाहिए जवाबदेह नगर परिषद, अव्यवस्थाओं से मुक्ति का वक्त आ गया : अजय सोलंकी

नगर परिषद नाहन चुनाव को लेकर शहर की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। 17 मई को होने वाले चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा शासित नगर परिषद के 10 साल के कार्यकाल पर सीधा हमला बोलते हुए शहर की बदहाल व्यवस्थाओं, पार्किंग संकट, बेसहारा पशुओं, गंदगी, बंदरों और नशे जैसे मुद्दों को बड़ा चुनावी एजेंडा बना दिया है।

नाहन : नगर परिषद नाहन चुनाव को लेकर शहर की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। 17 मई को होने वाले चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा शासित नगर परिषद के 10 साल के कार्यकाल पर सीधा हमला बोलते हुए शहर की बदहाल व्यवस्थाओं, पार्किंग संकट, बेसहारा पशुओं, गंदगी, बंदरों और नशे जैसे मुद्दों को बड़ा चुनावी एजेंडा बना दिया है। वीरवार को आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में विधायक अजय सोलंकी अपने सभी 13 वार्डों के कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के साथ एकजुट नजर आए। उन्होंने कहा कि इस बार नाहन की जनता केवल चेहरे नहीं बल्कि जवाबदेही, विजन और विकास के नाम पर वोट करेगी।

अजय सोलंकी ने भाजपा समर्थित नगर परिषद पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘नगीना’ कहलाने वाला नाहन शहर पिछले 10 वर्षों में अव्यवस्थाओं का शिकार हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद जनता की उम्मीदों पर खरी उतरने में विफल रही और शहर की मूल समस्याएं लगातार बढ़ती चली गईं। सोलंकी ने कहा कि नगर परिषद को जनता की सुविधाओं का केंद्र होना चाहिए था, लेकिन बीते वर्षों में यह केवल राजनीतिक दिखावे तक सीमित होकर रह गई।

ये भी पढ़ें:  माजरा प्रकरण : बिंदल बोले- उन पर हत्या के प्रयास का केस, ईंटें बरसाने वालों पर कार्रवाई नहीं

उन्होंने कहा कि विधायक निधि और अन्य मदों से विभिन्न वार्डों के लिए योजनाबद्ध तरीके से बजट उपलब्ध करवाया गया, लेकिन परिषद की निष्क्रियता के कारण कई योजनाएं जमीन तक नहीं पहुंच सकीं। उन्होंने बताया कि सर्कुलर रोड पर इंटरलॉक टाइलें हटाकर डामर सड़क बनाने और गुरुद्वारा साहिब से कोर्ट रोड तक पक्की सड़क निर्माण के लिए सरकार द्वारा लाखों रुपये का बजट दिया गया।

विधायक ने कहा कि कांग्रेस समर्थित नगर परिषद बनने के बाद हर वार्ड के लिए अलग विकास रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने माना कि शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है और इसके समाधान के लिए प्रत्येक वार्ड में पार्किंग विकल्प विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम करने और शहर को अधिक व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए नई कार्ययोजना लागू की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चरस की खेप के साथ दो भाई गिरफ्तार

अजय सोलंकी ने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए मां बाला सुंदरी त्रिलोकपुर क्षेत्र में गौशाला निर्माण की योजना बनाई जाएगी। वहीं आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को नियंत्रित करने के लिए डॉग शेल्टर स्थापित करने और बंदरों से राहत दिलाने के लिए भी विशेष योजना तैयार की जाएगी।

नशे के मुद्दे पर बोलते हुए विधायक ने कहा कि सरकार के ढाई वर्षों के कार्यकाल में नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाने और उनकी संपत्तियां अटैच करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि अब नगर परिषद स्तर पर भी सामाजिक भागीदारी बढ़ाई जाएगी। इसके तहत प्रत्येक वार्ड से 10-10 लोगों को जोड़कर विशेष टास्क फोर्स बनाई जाएगी, जो युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी। उन्होंने कहा कि शहर के ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी कांग्रेस के विजन का हिस्सा है, ताकि नाहन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।

ये भी पढ़ें:  धौण स्कूल में लगा हेल्थ चेकअप कैंप, 150 बच्चों समेत अभिभावकों व कर्मियों की जांच के साथ दिए हेल्थ टिप्स

सोलंकी ने दावा किया कि इस बार नाहन की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और लोग केवल राजनीतिक नारों से नहीं, बल्कि काम और भविष्य की ठोस योजना से प्रभावित होंगे। उन्होंने शहरवासियों से 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More