HomeHimachalSirmaurराजगढ़ नगर पंचायत में बदले सियासी समीकरण, अध्यक्ष की कुर्सी कांग्रेस को...

राजगढ़ नगर पंचायत में बदले सियासी समीकरण, अध्यक्ष की कुर्सी कांग्रेस को मिली पर उपाध्यक्ष पद भाजपा ले गई

जिला सिरमौर की नगर पंचायत राजगढ़ में बुधवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला, जहां सात वार्डों में से पांच पार्षद होने के बावजूद कांग्रेस अपना उपाध्यक्ष नहीं बना पाई, जबकि केवल दो पार्षदों वाली भाजपा के नरेंद्र ठाकुर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए।

राजगढ़ : जिला सिरमौर की नगर पंचायत राजगढ़ में बुधवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला, जहां सात वार्डों में से पांच पार्षद होने के बावजूद कांग्रेस अपना उपाध्यक्ष नहीं बना पाई, जबकि केवल दो पार्षदों वाली भाजपा के नरेंद्र ठाकुर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। वहीं कांग्रेस के विक्रम जैलदार निर्विरोध अध्यक्ष बने। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत और कांग्रेस का उम्मीदवार तक न उतार पाना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए किसी भी पार्षद ने एसडीएम एवं रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन दाखिल नहीं किया। बाद में निर्वाचित सदस्यों की सहमति से विक्रम जैलदार को अध्यक्ष और नरेंद्र ठाकुर को उपाध्यक्ष चुन लिया गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने ऐसी रणनीति अपनाई कि बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस उपाध्यक्ष पद हासिल नहीं कर सकी।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर पुलिस की बड़ी उपलब्धि, CCTNS रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान

चुनाव की खास बात यह रही कि निर्वाचित सदस्यों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन किया। वहीं, कांग्रेस की स्थिति यह रही कि उपाध्यक्ष पद के लिए नाम प्रस्तावित करने वाला भी कोई सदस्य सामने नहीं आया।

सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने दो दिन पहले हुई अपनी आंतरिक बैठक में विक्रम जैलदार को अध्यक्ष और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहनी को उपाध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और पच्छाद कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने भी ज्योति साहनी को उपाध्यक्ष बनाए जाने के लिए प्रयास किए, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस के ही निर्वाचित पार्षदों का समर्थन उन्हें नहीं मिल सका। यही कारण रहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष पद पर अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर पाई।

राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को चुनाव के दौरान हुए भीतरघात से भी जोड़कर देखा जा रहा है। अध्यक्ष पद अनारक्षित होने के कारण नगर पंचायत बनने के बाद से ही विक्रम जैलदार को कांग्रेस का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था। हालांकि, चुनाव के दौरान उनके खिलाफ कांग्रेस से ही दीपक धीर मैदान में उतरे और पार्टी के भीतर विरोध की चर्चाएं भी सामने आईं। विक्रम जैलदार अध्यक्ष बनने में सफल रहे, लेकिन कांग्रेस उपाध्यक्ष पद गंवा बैठी।

ये भी पढ़ें:  जिला सिरमौर में पहाड़ियों की कटाई पर रोक, DC ने जारी किए आदेश

नगर पंचायत राजगढ़ की राजनीति में लगातार सक्रिय रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के लिए भी यह परिणाम निराशाजनक माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह फैसला स्थानीय स्तर पर बदले सियासी समीकरणों, आपसी सहमति और कांग्रेस के भीतर मौजूद असंतोष को उजागर करता है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम जैलदार ने उन्हें विजयी बनाने के लिए अपने वार्ड के लोगों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सभी वार्डों का समान रूप से विकास किया जाएगा। वहीं भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने शहर की समस्याओं का चरणबद्ध समाधान करने और विकास कार्यों को गति देने की बात कही।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के शीलाबाग में सड़क धंसने से खड्ड में गिरा सेब से लदा ट्रक

ताजपोशी के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने अन्य पार्षदों के साथ शिरगुल मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके बाद निकाले गए विजय जुलूस में पच्छाद विधायक रीना कश्यप भी शामिल हुईं। उन्होंने नरेंद्र ठाकुर को बधाई देते हुए नगर पंचायत में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार ने कहा कि अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के विक्रम जैलदार का चयन हुआ है और उन्हें विश्वास है कि वह राजगढ़ के लोगों की समस्याओं का समाधान कर नगर को विकास की नई दिशा देंगे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More