राजगढ़ : जिला सिरमौर के पुलिस थाना राजगढ़ के तहत नेरीपुल में डिटेक्शन सेल की टीम ने दो व्यक्तियों को चिट्टे के साथ धर दबोचा। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम नेरीपुल के पास गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक ट्रक में चिट्टे की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गिरिपुल से शिलाबाग की ओर आ रहे उक्त ट्रक को नेरीपुल के पास रोक लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पूछताछ में ट्रक ड्राइवर ने अपना नाम कपिल निवासी गांव कलाहर, डाकघर क्यार, तहसील ठियोग, जिला शिमला और क्लीनर ने अपनी पहचान सचिन निवासी गांव व डाकघर क्यार, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में बताई। तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 3.17 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में चिट्टे की खेप से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
