नाहन की इन 2 सड़कों के आज खुलेंगे टेंडर, अपग्रेडेशन से बदलेगी तस्वीर, मिलेगा भविष्य का वैकल्पिक बाईपास

इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से जिला मुख्यालय नाहन को भविष्य का वैकल्पिक बाईपास मिलने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

0

नाहन : जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ी दो लंबे समय से प्रतीक्षित परियोजनाओं पर अब औपचारिक मुहर लगने जा रही है। बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला सड़क और माजरी-बर्मा पापड़ी सड़क के निर्माण एवं अपग्रेडेशन के लिए आज यानी 20 जनवरी को टेंडर खोले जाएंगे। ये सारी प्रक्रिया ई-टेंडरिंग से की जा रही है। इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से जिला मुख्यालय नाहन को भविष्य का वैकल्पिक बाईपास मिलने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

नाहन पंचायत क्षेत्र में आने वाली बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला सड़क को नाहन शहर के वैकल्पिक बाईपास के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में सबसे बड़ी अड़चन आर्मी सिविलियन विवाद और निजी भूमि का हस्तांतरण रही, जिसे निजी भूमि को गिफ्ट डीड के माध्यम से लोक निर्माण विभाग के नाम करवाकर दूर किया गया। बजट स्वीकृति से लेकर भूमि हस्तांतरण तक की पूरी प्रक्रिया में स्थानीय विधायक अजय सोलंकी की अहम भूमिका रही।

ये भी पढ़ें:  SFI शिमला सम्मेलन : विवेक को जिला अध्यक्ष, पवन को सचिव का दायित्व, शिक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर घेरी सरकार

विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि बनोग से कांशीवाला तक लगभग 9 किलोमीटर लंबी इस सड़क के अपग्रेडेशन और पक्के कार्य के लिए 12 करोड़ 30 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। सड़क के तैयार होने के बाद एनएच-07 और नाहन-कुमारहट्टी एनएच-907ए की कांशीवाला में सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी। हालांकि, कांशीवाला एनएच-907ए के अंतर्गत आता है, यहां से कुछ ही दूरी पर पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे है। इस सड़क के कांशीवाला में थ्रू होने के बाद नाहन शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होने की संभावना है। इस परियोजना से आधा दर्जन से अधिक गांवों के आठ हजार से ज्यादा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और भविष्य में नाहन शहर को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें:  20 नवंबर को जिला चंबा के प्रवास पर रहेंगे शिक्षा सचिव राकेश कंवर

इसके साथ ही नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत माजरी-बर्मा पापड़ी सड़क की भी अपग्रेडेशन होगी। करीब 9 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए साढ़े 8 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया गया है। परियोजना के तहत तीखे मोड़ों का सुधार, सड़क की एलाइनमेंट दुरुस्त करना, पुलियों व कलवर्ट का निर्माण और मेटलिंग का कार्य किया जाएगा। विधायक ने बताया कि इस सड़क को वर्ष 2023 में विधायक प्राथमिकता में शामिल किया गया था, जिसके बाद अब इसे स्वीकृति मिली है।

विधायक अजय सोलंकी ने इन परियोजनाओं को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया और कहा कि इन सड़कों के निर्माण से नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और आम लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़ें:  नाहन में मनाया जाएगा आंबेडकर जयंती समारोह, दलित शोषण मुक्ति मंच की बैठक में इन विषयों पर भी चर्चा

उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ई. आलोक जनवेजा ने बताया कि टेंडर आज खोले जा रहे हैं। ये सारी प्रक्रिया ई टेंडरिंग से अपनाई जा रही है। विभाग टेंडर खोलने के बाद स्क्रुटनी करेगा।