नाहन : पंचायती राज चुनावों का प्रचार थमते ही जहां अधिकांश नेता राजनीतिक व्यस्तताओं से कुछ राहत लेते दिखाई देते हैं, वहीं नाहन के विधायक अजय सोलंकी चुनावी मोड से सीधे विकास मोड में नजर आए।
प्रचार खत्म होने के तुरंत बाद विधायक बिना किसी औपचारिक काफिले के खुद बोलेरो गाड़ी चलाकर लंबे समय से प्रतीक्षित जाबल बाग–त्रिलोकपुर वाया कंडईवाला-खड़को लिंक रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंच गए। सड़क निर्माण की प्रगति देखने के साथ उन्होंने मौके पर ही गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश भी दिए।
सड़क के कटिंग कार्य की प्रगति की सूचना मिलने पर विधायक सीधे निर्माण स्थल पहुंचे और पूरे मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न हिस्सों की स्थिति का जायजा लेते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्य केवल स्वीकृतियों और फाइलों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका लाभ जमीनी स्तर पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से लोगों तक पहुंचना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जहां भी हल्की खामियां या सुधार की जरूरत दिखाई दी, वहां संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। विधायक ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि जाबल का बाग–त्रिलोकपुर वाया कंडईवाला खड़को लिंक रोड लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की बड़ी मांग रही है। वर्षों से लोग इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे थे। विधायक अजय सोलंकी के प्रयासों से मुख्यमंत्री से करीब 12.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद अब इस सड़क का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जिन रास्तों को कभी लोग सपना समझते थे, आज वहां सड़क निर्माण का कार्य जमीन पर दिखाई दे रहा है। विधायक के इस निरीक्षण ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि उनके लिए राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं, बल्कि विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
