बीबीएन : बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिना नंबर की ब्लैक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, जिन्हें लेमनट्री होटल के समीप एक कबाड़ की दुकान के पास स्पेशल सेल-एक्स की टीम ने दबोच लिया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों की तलाशी ली। इस दौरान उनके पिट्ठू बैग से 2.054 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों की पहचान विशाल कुमार पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी आगरा, उत्तरप्रदेश और चमन कुमार पुत्र तीर्थ सिंह निवासी अमरोहा, उत्तरप्रदेश के रूप में की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
