HomeHimachalUnaठेके पर नकाबपोशों ने गंडासा दिखाकर लूटा हजारों का कैश, शराब और...

ठेके पर नकाबपोशों ने गंडासा दिखाकर लूटा हजारों का कैश, शराब और मोबाइल, जांच में जुटीं पुलिस टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो टीमें गठित कर पंजाब के लिए रवाना कर दी हैं और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

ऊना : जिला मुख्यालय के त्यूड़ी बाजार में उस वक्त दहशत फैल गई, जब नकाबपोश युवकों ने शराब ठेके पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियार के बल पर सेल्समैन को धमकाते हुए आरोपी 35 हजार रुपये की नकदी, आठ शराब की बोतलें और एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो टीमें गठित कर पंजाब के लिए रवाना कर दी हैं और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस थाना सदर ऊना में दर्ज एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता विनोद कुमार निवासी गांव चनौर, तहसील डाडासीबा, जिला कांगड़ा ने बताया कि वीरवार रात करीब 10:45 बजे वह दुकान के अंदर दैनिक बिक्री का हिसाब कर रहा था। इसी दौरान चार युवक मुंह पर रुमाल बांधकर ठेके के बाहर पहुंचे और बीयर कैन मांगने लगे।

ये भी पढ़ें:  एनएएस-2025 में 5वें स्थान पर पहुंचा हिमाचल, 2 जुलाई को होगी आधिकारिक घोषणा

जैसे ही वह फ्रिज की ओर बढ़ा, दो युवक अचानक अंदर घुस आए। इनमें से एक ने गंडासा उसकी गर्दन पर रखकर जान से मारने की धमकी दी और पैसे पूछने लगा, जबकि दूसरे ने उसे जबरन कुर्सी पर बैठा दिया। इसी बीच तीसरा युवक अंदर आया और गल्ले से नकदी, शराब की बोतलें और मोबाइल फोन लूट लिया। वहीं चौथा युवक बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा।

वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें:  नाहन फिर पुराने संकट की ओर... डॉ. बिंदल ने पेयजल और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल, सुक्खू सरकार को घेरा

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More