ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में महिलाओं से सोने की चेन और बालियां छीनने की तीन वारदातों में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इनमें से एक आरोपी उत्तर प्रदेश के शामली जिले का रहने वाला है, जबकि दो आरोपी कांगड़ा जिले के हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि शामली निवासी आरोपी संजय कुमार उर्फ बबलू अम्ब के सथोतर और संतोषगढ़ में हुई चेन स्नैचिंग की दोनों वारदातों में संलिप्त था। वहीं, दियोली में महिला की सोने की बालियां छीनने के मामले में कांगड़ा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को अम्ब थाना क्षेत्र के सथोतर में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति एक महिला के गले से सोने की चेन और सिंगी छीनकर फरार हो गए थे।
इसके दो दिन बाद, 5 अक्टूबर की शाम को सदर ऊना थाना क्षेत्र के संतोषगढ़ में भी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले। इसके बाद 7 अक्टूबर को गगरेट थाना क्षेत्र के दियोली में स्कूटी सवार दो युवकों ने एक महिला के कानों से सोने की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गए।
तीनों घटनाओं के संबंध में शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए। वारदातों की जांच के लिए साइबर सेल, स्पेशल सेल और संबंधित पुलिस थानों की टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों तथा मानव स्रोतों की मदद ली।
सथोतर और संतोषगढ़ की वारदातों में एक ही आरोपी
पुलिस चौकी संतोषगढ़ के प्रभारी एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर सेल और स्पेशल सेल के साथ मिलकर संजय कुमार उर्फ बबलू पुत्र ओम प्रकाश को 10 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के शामली जिले के अहमदगढ़ से गिरफ्तार किया।
आरोपी अहमदगढ़ गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, जांच में उसकी संलिप्तता 3 अक्टूबर को सथोतर और 5 अक्टूबर को संतोषगढ़ में हुई चेन स्नैचिंग की वारदातों में सामने आई है।
दियोली में बालियां छीनने के मामले में दो गिरफ्तार
गगरेट थाना प्रभारी एसआई रमेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने साइबर सेल और स्पेशल सेल की मदद से दियोली में हुई वारदात के सिलसिले में दो आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया।
इनकी पहचान शिव कुमार निवासी बरनाली, डाकघर घमरूर, तहसील जसवां, जिला कांगड़ा और अनुराग चौधरी निवासी रिड़ी, तहसील जसवां, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और संबंधित वारदातों के संबंध में अन्य कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
