HomeHimachalUnaधरती माता को लिखिए चिट्ठी और जीतिए 50 हजार का इनाम; डाक...

धरती माता को लिखिए चिट्ठी और जीतिए 50 हजार का इनाम; डाक विभाग की ‘ढाई अक्षर’ प्रतियोगिता में मौका

भारतीय डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर ‘ढाई अक्षर पत्र लेखन प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया जा रहा है।

ऊना : भारतीय डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर ‘ढाई अक्षर पत्र लेखन प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नागरिकों में पत्र लेखन की परंपरा को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की जा रही है। पहली श्रेणी 18 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागियों के लिए और दूसरी श्रेणी 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए निर्धारित की गई है।

डाकघर ऊना मंडल के अधीक्षक बलवीर चंद ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 31 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “धरती माता को पत्र : प्रकृति की रक्षा का मेरा वादा” रखा गया है। यह विषय नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं को प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी व्यक्त करने का अवसर प्रदान करेगा।

ये भी पढ़ें:  शिलाई विस के दुगाना में 24 लाख से निर्मित कानूनगो व पटवार भवन का लोकार्पण

अधीक्षक ने बताया कि प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां ए-4 आकार के कागज पर अधिकतम 1000 शब्दों में अथवा अंतर्देशीय पत्र पर अधिकतम 500 शब्दों में हिंदी, अंग्रेजी अथवा स्थानीय भाषा में लिख सकते हैं। केवल हस्तलिखित प्रविष्टियां ही स्वीकार की जाएंगी। प्रविष्टियां मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, हिमाचल प्रदेश डाक सर्किल, एसडीए कॉम्प्लेक्स, कासुम्पटी, शिमला-171009 के पते पर भेजी जानी हैं। साथ ही, प्रविष्टियां जमा करवाने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

बलवीर चंद ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  जल शक्ति विभाग में 4000 पदों पर होगी भर्ती, उपमुख्यमंत्री बोले- विभाग में कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा होगी शुरू

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी वर्ग अपनी प्रविष्टियां विद्यालय प्रमुखों के माध्यम से डाक मंडल कार्यालय, ऊना में भी जमा करवा सकते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रमुखों, अध्यापकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को इस रचनात्मक एवं प्रेरणादायक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि पत्र लेखन की समृद्ध परंपरा के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।

ये भी पढ़ें:  ऊना में विजिलेंस का बड़ा ट्रैप, ₹8 हजार रिश्वत लेते PWD के विद्युत विंग के JE को रंगे हाथ दबोचा
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More