कालाअंब में ‘तूफानी’ कहर: बिजली बोर्ड को 20 लाख का झटका, पोल गिरे, लाइनें टूटीं, बारिश के बीच फील्ड स्टाफ के साथ डटे रहे अधिकारी

शुक्रवार तड़के से ही जिला सिरमौर के अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई क्षेत्रों में शाम करीब छह बजे तक बिजली बहाल की जा सकी, जबकि कुछ इलाकों में देर शाम तक भी आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी। बिजली न होने से कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा और आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

0

नाहन : करीब साढ़े तीन माह बाद हुई बारिश से जिला सिरमौर में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। बारिश के चलते कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों के कामकाज पर भी सीधा असर पड़ा। खराब मौसम के बीच बिजली बहाल करने के लिए विद्युत बोर्ड का फील्ड स्टाफ लगातार सक्रिय रहा।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के से ही जिला सिरमौर के अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई क्षेत्रों में शाम करीब छह बजे तक बिजली बहाल की जा सकी, जबकि कुछ इलाकों में देर शाम तक भी आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी। बिजली न होने से कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा और आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें:  बिना समय सीमा आवंटित विद्युत परियोजनाओं को वापस लेने के लिए लेंगे कानूनी राय : मुख्यमंत्री

उधर, औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के विद्युत उपमंडल में जगह-जगह बिजली लाइनें टूटने और पोल गिरने से कई हिस्सों में आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इस दौरान विद्युत उपमंडल कालाअंब के एसडीओ ई. महेश चौधरी फील्ड स्टाफ के साथ मौके पर डटे रहे। उन्होंने टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत कार्य की निगरानी करते हुए बिजली को सुचारू करने के प्रयास किए। अकेले कालाअंब उपमंडल में 20 लाख रुपए के नुकसान आंका गया है, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में कई मीटरों लंबी बिजली लाइन और पोल तेज तूफान से क्षतिग्रस्त हो गए।

खराब मौसम और बारिश के बावजूद बिजली बोर्ड का स्टाफ फील्ड में उतरकर लाइनों को दुरुस्त करने में जुटा, जिसके बाद कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली बोर्ड के अनुसार जहां ज्यादा नुकसान हुआ है, वहां व्यवस्था को ठीक करने का कार्य अभी भी जारी है। वहीं, जिला मुख्यालय नाहन के कई हिस्सों में देर रात तक भी बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। यही नहीं जिला मुख्यालय के अलावा जिले के कई इलाकों में कई घंटों बिजली गुल रहने से कड़कड़ाती ठंड के बीच भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। बहरहाल, बिजली बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।

ये भी पढ़ें:  बबली के बाद अब ये नशा तस्कर भी भेजा सेंट्रल जेल, बार-बार नशे के कारोबार में मिला था संलिप्त

इसके साथ साथ जिले के ऊंचाई वाले बर्फबारी वाले क्षेत्रों में भी ब्लैक आउट छाया हुआ है। लिहाजा, ग्रामीण क्षेत्रों के लोग दिक्कतें झेल रहे हैं। कई इलाकों में मोबाइल समेत बिजली संचालित उपकरण बिना शोपीस बनकर रह गए हैं। मोबाइल बंद होने से लोगों का एक दूसरे से संपर्क करना भी मुश्किल हो गया है।