शिमला : राजधानी शिमला में रविवार सुबह एचआरटीसी (HRTC) की वोल्वो बस चालक के साथ मारपीट की घटना सामने आई। दिल्ली से रोहड़ू जा रही वोल्वो बस के चालक पर हरियाणा के पर्यटकों ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की वोल्वो बस रविवार सुबह करीब 6 बजे घोड़ा चौकी क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान हरियाणा से आए कुछ पर्यटकों ने बस को रुकवाया और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घायल चालक की पहचान राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। चालक ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा पर्यटकों की गाड़ी को ओवरटेक करने के बाद उसकी पिटाई की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें चलती बस से बाहर खींच लिया और बेरहमी से पीटा।
राजेंद्र सिंह के अनुसार यदि समय रहते बस कंडक्टर ने हैंडब्रेक नहीं लगाया होता तो बस में सवार करीब 40 यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। मारपीट में चालक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें छह टांके लगे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि ठियोग की तरफ फरार हुए दो अन्य आरोपियों को भी बाद में पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज (33) निवासी पंचकूला, विकास कुमार (22) निवासी पंचकूला, विक्की कुमार निवासी गांव अभयपुर पंचकूला और प्रतिभा पत्नी विक्की निवासी गांव अभयपुर पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले में पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।
