शिमला : भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, नशे के बढ़ते कारोबार, बेरोजगारी और आर्थिक बदहाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध बढ़े हैं, प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हुई है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
यहां जारी प्रेस बयान में डॉ. सनी शुक्ला ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले वर्ष 2022 में करीब 1,600 थे, जो अब 1,850 से अधिक पहुंच चुके हैं। उनके अनुसार वर्ष 2025 में छेड़छाड़ के 487 मामले दर्ज हुए, जबकि अपहरण के मामलों में 17.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 533 मामले सामने आए। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास होने के बावजूद महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार नाकाम रही है।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि शांत माने जाने वाले हिमाचल प्रदेश में हिंसक अपराधों का आंकड़ा 2,000 के पार पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ‘चिट्टा’ तस्करी तेजी से फैल रही है और युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के समय में ड्रग तस्करी से जुड़े मामलों में कुछ पुलिस कर्मियों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें बर्खास्त करना पड़ा। ये सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
पुलिस विभाग के भीतर कथित विवादों का जिक्र करते हुए BJYM अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में पुलिस नेतृत्व और एचपीएस एसोसिएशन के बीच सामने आए आरोप-प्रत्यारोप प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि जब कानून-व्यवस्था संभालने वाले विभाग के भीतर ही असंतोष और खींचतान की स्थिति हो तो आम जनता की सुरक्षा प्रभावित होना स्वाभाविक है।
रोजगार और आर्थिक हालात को लेकर भी डॉ. शुक्ला ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में भर्तियां लंबित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज हो चुका है, विकास कार्य प्रभावित हैं और कर्मचारियों व पेंशनभोगियों को समय पर भुगतान को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं।
डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश के युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बढ़ते अपराध और अन्य जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो BJYM प्रदेशभर में आंदोलन शुरू करेगा।
