पांवटा साहिब : जिला सिरमौर में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसा पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर खतैण्ड़ पुल के आगे एक मोड़ पर पेश आया। उधर, पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह तोमर निवासी सतौन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने बताया कि गत दिन वह पांवटा साहिब से सतौन की ओर जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर खतैण्ड़ पुल से आगे एक मोड़ पर उसने देखा कि एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर खोड़ोवाला निवासी कृष्ण, तेजपाल और रणदीप सवार थे। इस बीच चालक कृष्ण ने बाइक से अपना नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे बने पैराफिट से जोर से टकराई। हादसे में तीनों व्यक्तियों को भारी चोटें आईं।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कृष्ण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है। पुलिस थाना पुरुवाला में दुर्घटना का केस दर्ज किया गया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार तेज रफ्तार दुर्घटना की वजह मानी जा रही है।
