HomeHimachalSirmaurसड़क सुरक्षा से साइबर सुरक्षा तक नाहन में बड़ा मंथन, बैठक में...

सड़क सुरक्षा से साइबर सुरक्षा तक नाहन में बड़ा मंथन, बैठक में स्पीड ब्रेकर, पार्किंग और डिजिटल सुरक्षा पर लिए ये फैसले

नाहन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में वीरवार को उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) की अध्यक्षता में मासिक सड़क सुरक्षा बैठक और साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में वीरवार को उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) की अध्यक्षता में मासिक सड़क सुरक्षा बैठक और साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में रोड सेफ्टी क्लब नाहन के पदाधिकारियों व सदस्यों सहित यातायात पुलिस के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में नाहन शहर की सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और प्रस्तावित रोड सेफ्टी रिंग रोड परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके शीघ्र क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में शहर के संवेदनशील स्थानों पर दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाने पर सहमति बनी। वहीं बस स्टैंड से गुन्नूघाट और दिल्ली गेट तक निजी बसों की धीमी आवाजाही से लगने वाले जाम को रोकने के लिए निजी बस ऑपरेटर यूनियन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का निर्णय लिया गया। शहर की पार्किंग व्यवस्था में सुधार और व्यस्त क्षेत्रों में जाम कम करने के लिए भी कई सुझावों पर सहमति बनी।

ये भी पढ़ें:  छैला-नेरीपुल-कुमारहट्टी सड़क के लिए 203.52 करोड़ स्वीकृत, मुसाफिर सहित पच्छाद कांग्रेस ने जताया आभार

कार्यक्रम के दूसरे चरण में साइबर कमांडो कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों को भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल के विभिन्न फीचर्स के बारे में बताते हुए चक्षु के माध्यम से फर्जी कॉल, एसएमएस और व्हाट्सएप संदेशों की शिकायत, CEIR पोर्टल से गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक और ट्रेस करने तथा TAF-COP के जरिए अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जांच करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही KYM सुविधा से मोबाइल हैंडसेट की वैधता जांचने की जानकारी भी दी।

उन्होंने व्हाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन और प्राइवेसी सेटिंग्स को सुरक्षित रखने, किसी अज्ञात लिंक, क्यूआर कोड या APK फाइल पर क्लिक नहीं करने तथा ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी।

ये भी पढ़ें:  किशाऊ बांध: हिमाचल को सालाना 1,200 करोड़ की होगी आय, प्रभावित परिवारों को मिलेगा उचित मुआवजा

कार्यक्रम में मनी रिफंड मॉड्यूल (MRM) पोर्टल की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर यदि समय रहते राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज की जाए तो धोखाधड़ी की गई राशि को होल्ड या वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। उपस्थित लोगों को शिकायत दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।

बैठक का समापन सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने, नाहन की यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था में सुधार और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक करने के संकल्प के साथ हुआ।

ये भी पढ़ें:  नालागढ़ में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाला आरोपी पुलिस हिरासत में, देसी कट्टा और कारतूस का खोल भी बरामद
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More