HomeHimachalSirmaurबरसात में खनन पर रोक के बावजूद सिरमौर में धड़ल्ले से चल...

बरसात में खनन पर रोक के बावजूद सिरमौर में धड़ल्ले से चल रहा अवैध खनन का धंधा, नाथूराम चौहान ने उठाए सवाल

नाथूराम चौहान ने कहा कि उपायुक्त सिरमौर ने पिछले माह बरसात के मौसम में खनन गतिविधियां बंद रखने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद इन आदेशों की कथित तौर पर खुलेआम अवहेलना हो रही है।

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में बरसात के दौरान खनन गतिविधियों पर रोक के बावजूद अवैध खनन का कार्य बदस्तूर जारी है। समाजसेवी नाथूराम चौहान ने मंगलवार को नाहन में पत्रकार वार्ता कर ये आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिले के लगभग हर माइनिंग क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर खनन किया जा रहा है।

नाथूराम चौहान ने कहा कि उपायुक्त सिरमौर ने पिछले माह बरसात के मौसम में खनन गतिविधियां बंद रखने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद इन आदेशों की कथित तौर पर खुलेआम अवहेलना हो रही है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  सीमेंट की आड़ में शराब की तस्करी का भंडाफोड़, 146 पेटियां अवैध 'ओल्ड मोंक' जब्त; चालक फरार

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रशासन ने बरसात के दौरान खनन पर रोक लगा रखी है तो नदियों और खड्डों में मशीनें कैसे चल रही हैं और ब्लास्टिंग गतिविधियां किसकी अनुमति से हो रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि संगड़ाह के अलावा पांवटा साहिब, सतौन और शिलाई क्षेत्रों में गिरि और बाता नदी में भी खनन गतिविधियां जारी हैं। उनका कहना है कि बरसात के दौरान नदियों और खड्डों से बड़े पैमाने पर खनन होने से इनके प्राकृतिक बहाव पर असर पड़ रहा है। इससे आसपास के घरों और सड़कों के लिए भी खतरा बढ़ रहा है।

नाथूराम ने कहा कि बारिश के कारण जिले में पहले ही कई सड़कें बंद हो चुकी हैं और जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में बरसात के दौरान नदियों और खड्डों में खनन गतिविधियां जारी रहना गंभीर चिंता का विषय है।

ये भी पढ़ें:  प्रचंड गर्मी की तपिश में तपा हिमाचल, पारा चढ़ने से मैदानी इलाके बेहाल, जानिए कब करवट लेगा मौसम

उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री, जो सिरमौर जिले से संबंध रखते हैं, विधानसभा में स्वयं कुछ अधिकारियों की मिलीभगत के कारण अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पाने की बात कह चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार के स्तर पर अधिकारियों की मिलीभगत की बात सामने आ चुकी है तो ऐसे अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।

नाथूराम चौहान ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और संबंधित विभागों ने अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई तो वह इस मामले को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और सुप्रीम कोर्ट के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के नाम भी शिकायत में शामिल कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  तुर्किए से सेब आयात पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग, सीएम सुक्खू से मिला प्रतिनिधिमंडल
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More