नाहन : यूटी चंडीगढ़ में आयोजित नॉर्थ इंडिया कराटे चैंपियनशिप में करिअर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (Career Academy Senior Secondary School) की छात्रा इशानी ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया।
नेशनल कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया (NKF India) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
इस प्रतियोगिता में इशानी ने प्रतियोगिता में आत्मविश्वास, अनुशासन और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने इशानी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित करता है।
वहीं, विद्यालय के चेयरमैन एसएस राठी, डायरेक्टर मनोज राठी और डायरेक्टर मधुलिका राठी ने भी इशानी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी अपने लक्ष्य के प्रति मेहनत और समर्पण के लिए प्रेरित करती हैं।
