चंबा : मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश नंदिता गुप्ता ने बुधवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उपतहसील साहू का प्रवास किया।
इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पधर-1 तथा पधर-2 का निरीक्षण कर मतदाताओं को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस दौरान मतदान केंद्र पधर-1 तथा पधर-2 के अंतर्गत वर्ष 2002 के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 1 जनवरी, 2025 की मतदाता सूची की मैपिंग (सत्यापन) कार्य की जानकारी भी प्राप्त की।
उन्होंने मतदान केंद्र पधर-1 के अंतर्गत मतदाता सूची की 99 प्रतिशत तथा पधर-2 के तहत 87 प्रतिशत मैपिंग कार्य की सराहना करते हुए शेष कार्य को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम को बूथ लेवल अधिकारियों के साथ नियमित रूप से बैठक आयोजित कर लोगों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा विशेष रूप से दूरदराज क्षेत्रों और जनजातीय एवं गुज्जर समुदायों सहित सभी वर्गों के पात्र नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि एसआईआर की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपूर्ण की जा सके।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत पात्र मतदाताओं की पहचान एवं मतदाता सूचियां को अद्यतन करने के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों की जानकारी जनसाधारण तक उपलब्ध करवाने को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान एसडीएम चिराग शर्मा, तहसीलदार निर्वाचन अनूप डोगरा, नायब तहसीलदार निर्वाचन संजय कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
