होमNationalलाहौल स्पीति की DC किरण भड़ाना के पिता की हत्या! CM सुक्खू...

लाहौल स्पीति की DC किरण भड़ाना के पिता की हत्या! CM सुक्खू ने जताया शोक, राजस्थान में एक विवाद में गई पूर्व विधायक की जान

राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या का मामला सामने आया है। वह हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की डीसी किरण भड़ाना के पिता थे।

लाहौल स्पीति : राजस्थान के जिला भरतपुर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या का मामला सामने आया है। वह हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल-स्पीति की डीसी किरण भड़ाना के पिता थे।

लाहौल-स्पीति की डीसी किरण भड़ाना अपने पिता के निधन की खबर मिलते ही सोमवार सुबह केलांग से राजस्थान के लिए रवाना हो गईं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, क्रशर प्लांट से जुड़े एक विवाद के दौरान उन पर हमला हुआ था।

उनके पिता एवं राजस्थान के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की जिला भरतपुर के भौंडा गांव में क्रशर प्लांट दोबारा शुरू करने को लेकर हुए विवाद के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई।

इस दुखद घटना की खबर से लाहौल घाटी में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, विधायक अनुराधा राणा सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने अतर सिंह भड़ाना के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

प्रारंभिक मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भरतपुर जिले के भोंडा गांव में क्रशर प्लांट से जुड़े विवाद के दौरान यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि अतर सिंह भड़ाना रविवार शाम प्लांट पर पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया।

ये भी पढ़ें:  VIDEO: नाहन में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा बिरोजा से लदा ट्रक, टला बड़ा हादसा, चालक सुरक्षित

रिपोर्टों के मुताबिक, हमले में अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में उनके साथ मौजूद गगन शर्मा के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, करीब एक साल से बंद पड़े क्रशर को दोबारा शुरू करवाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों और भड़ाना पक्ष के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि ग्रामीणों के एक समूह ने भड़ाना और उनके सहयोगियों पर लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया। इस संघर्ष में अतर सिंह भड़ाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

ये भी पढ़ें:  सुक्खू सरकार पर बरसे जमवाल, बोले- IAS-IPS का कैडर घटाकर 200 करोड़ बचाने का दावा जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा

दोनों घायलों को पहले वैर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर अतर सिंह भड़ाना को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया। जयपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान भड़ाना की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश ने पुलिस और प्रशासन पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्रशर की लीज का कनेक्शन काट दिया गया था और वाटर पंप भी खराब कर दिया गया था। लीज पर जाने वाले लोगों को भी वहां से भगाया जा रहा था।

परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि विवाद की जानकारी होने के बावजूद पुलिस और प्रशासन ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की। फिलहाल, मामले में पुलिस-प्रशासन का विस्तृत पक्ष और जांच की स्थिति सामने आना बाकी है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अतर सिंह भड़ाना के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश में कहा कि लाहौल-स्पीति की डीसी किरण भड़ाना के पिता एवं पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

ये भी पढ़ें:  12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, हमीरपुर, बड़सर और नादौन न्यायिक परिसरों में समझौते से निपटेंगे मामले

वहीं, स्थानीय विधायक अनुराधा राणा सहित लाहौल-स्पीति के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भी पूर्व विधायक के निधन पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। डीसी किरण भड़ाना के परिवार पर आई इस दुखद घड़ी में जिले के लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति सहानुभूति जताई है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More