नाहन : ऐतिहासिक शहर नाहन के वाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प और पथराव के मामले में सिरमौर पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में वाल्मीकि मोहल्ला और मोहल्ला गोविंदगढ़ के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार किया, जिन्हें 28 अक्टूबर को अदालत में पेश किया जाएगा।
बता दें कि इस खूनी झड़प के दौरान पुलिस कर्मियों सहित दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए थे। वहीं, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और घटना में कथित तौर पर संलिप्त पाए गए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में वाल्मीकि मोहल्ला नाहन निवासी वासु (37), शिवराज (29), विद्यासागर उर्फ राहुल (31), आर्यन (19) और आर्यवीर उर्फ आदि शामिल हैं। वहीं, मोहल्ला गोविंदगढ़ निवासी प्रकाश सिंह उर्फ बादल (24), कुलविंद्र सिंह उर्फ खोजु (24), सुखविंद्र सिंह उर्फ गप्पू (21), गुरजीत सिंह उर्फ गुज्जू (27), तेजपाल सिंह उर्फ तेजू (19) और सोहन सिंह (21) को भी गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना से जुड़े उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आम जनता से अपील
जिला सिरमौर पुलिस ने लोगों से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। एसपी ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और न ही अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।

