नाहन : बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग की जेब से 50 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है।
ये वारदात नाहन में पेश आई। आरोप है कि दो से तीन युवक बैंक से ही बुजुर्ग का पीछा कर रहे थे। घर के गेट पर युवकों ने कथित तौर पर उनकी जेब से नकदी निकाल ली।
इस मामले में नाहन के जैन मंदिर के समीप रहने वाले विजय कुमार जैन ने डीएसपी मुख्यालय को लिखित शिकायत दी है। पीड़ित ने मामले में आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 2 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने बैंक से 50 हजार रुपये निकाले और नकदी अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रख ली।
विजय कुमार जैन के मुताबिक, बैंक से निकलने के बाद वह दिल्ली गेट, बड़ा चौक होते हुए जैन बाजार वाली गली से अपने घर पहुंचे। इस दौरान दो से तीन युवक कभी आगे तो कभी पीछे चलते हुए उनका पीछा कर रहे थे।
घर के गेट पर पहुंचकर जब वह ताला खोलने लगे तो दो युवक उनके नजदीक आ गए। इसी दौरान किसी ने उनकी दाहिनी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि वारदात के दौरान एक युवक ने उनसे बस स्टैंड जाने का रास्ता भी पूछा था। उन्होंने उसे रास्ता बता दिया, जिसके बाद युवक वहां से चले गए।
घर पहुंचने पर जब वह जेब से नकदी निकालने लगे तो पूरी रकम गायब मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की और बैंक जाकर भी जानकारी जुटाई, लेकिन नकदी का कोई सुराग नहीं मिला।
शिकायतकर्ता ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद कुछ युवकों पर संदेह जताया है। उनका दावा है कि फुटेज में संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस बैंक से लेकर घर तक के रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
डीएसपी मुख्यालय शक्ति सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत मंगलवार को प्राप्त हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी ने लोगों से अपील की कि त्योहारों के सीजन में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए बैंक से नकदी निकालने के बाद विशेष सावधानी बरतें और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें।

