होमHimachalभाई की मौत का सदमा नहीं सह पाई बहन, कुछ ही घंटे...

भाई की मौत का सदमा नहीं सह पाई बहन, कुछ ही घंटे बाद आया हार्ट अटैक, एक श्मशानघाट में हुआ अंतिम संस्कार

एक ही परिवार में दो मौतों से गांव भारापुर में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी।

धौलाकुआं (सिरमौर) : जिला सिरमौर के गांव भारापुर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय दिलीप सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई।

भाई की मौत की खबर सुनकर मायके पहुंची उनकी 53 वर्षीय बहन कमलेश देवी की भी कुछ घंटों बाद हार्ट अटैक से मौत हो गई। एक ही परिवार में कुछ घंटों के अंतराल में हुई दो मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार भारापुर निवासी दिलीप सिंह की भैया दूज के तीसरे दिन एक शादी समारोह के दौरान हार्ट अटैक आने से मौत हो गई थी। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दिलीप सिंह पूर्व बीडीसी सदस्य टेकचंद कश्यप के पिता थे।

ये भी पढ़ें:  सराहां में होने वाले राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले की तारीख तय, तैयारियों को लेकर DC की अध्यक्षता में हुई बैठक

भाई की मौत की खबर सुनकर उनकी बहन कमलेश देवी अपने मायके पहुंचीं। जब उन्होंने अपने मृत भाई का चेहरा देखा तो वह भावुक हो गईं। इसी दौरान उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कमलेश देवी के हृदय में पहले भी स्टेंट डाला गया था।

परिजनों के अनुसार, भाई-बहन के बीच बेहद गहरा स्नेह था। कमलेश देवी तीन दिन पहले ही भैया दूज मनाने मायके आई थीं। उस समय उन्होंने भाई को तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र की कामना की थी। परिवार को क्या पता था कि महज तीन दिन बाद उन्हें भाई को अंतिम विदाई देनी पड़ेगी और कुछ ही घंटों बाद उनकी भी मौत हो जाएगी।

ये भी पढ़ें:  पानी की पाइप को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट, कुल्हाड़ी से हमले के आरोप, तीन लोग घायल

दिलीप सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार, 14 नवंबर की शाम को किया गया, जबकि कमलेश देवी का अंतिम संस्कार रविवार, 15 नवंबर को दोपहर में हुआ। दोनों भाई-बहन का अंतिम संस्कार गांव के एक ही श्मशान घाट में किया गया।

ग्राम पंचायत भारापुर के प्रधान मलकीत चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भाई की मौत के कुछ ही घंटों बाद बहन की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। एक ही परिवार में दो मौतों से गांव भारापुर में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी।

ये भी पढ़ें:  10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए नौकरी का मौका, 100 पदों पर होगी भर्ती; 30 जून और 1 जुलाई को इंटरव्यू
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More