नाहन : सिरमौर की पहाड़ियों में आने वाले समय में एक नया शहर आकार ले सकता है। हरियाणा के प्रसिद्ध मोरनी हिल्स से सटे सुरला जनोट क्षेत्र में हिमाचल सरकार ने आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की है। इसके लिए 133 बीघा 11 बिस्वा सरकारी जमीन चिह्नित की गई है।
खास बात यह है कि प्रस्तावित स्थल नाहन और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों की सीमा के साथ लगता है। ऐसे में यह परियोजना सिरमौर के शहरी विकास के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई वाली प्रदेश सरकार हिमाचल में चार नए शहर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इनमें सिरमौर का सुरला जनोट भी शामिल है।
यदि यह योजना धरातल पर उतरती है तो अब तक ग्रामीण पहचान रखने वाले इस क्षेत्र को भविष्य में आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।
सरकार की ओर से विधानसभा में दी गई जानकारी के मुताबिक सुरला जनोट में 133 बीघा 11 बिस्वा सरकारी भूमि चिह्नित की गई है। राजस्व विभाग ने 25 मई 2026 को इस जमीन को आवास विभाग के नाम हस्तांतरित करने की मंजूरी भी प्रदान कर दी थी। हालांकि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।
भूमि हस्तांतरण के बाद हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेगा। फिलहाल इस क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। न ही आवासीय प्लॉट और फ्लैट की संख्या तय की गई है।
सुरला जनोट की भौगोलिक स्थिति इस परियोजना को खास बनाती है। यह क्षेत्र हरियाणा के मोरनी हिल्स और पंचकूला के नजदीक स्थित है। चंडीगढ़-पंचकूला क्षेत्र में बढ़ते शहरी विस्तार के बीच हिमाचल की सीमा में सुनियोजित टाउनशिप विकसित करने की योजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यहां आधुनिक आवासीय सुविधाएं, सड़क संपर्क, पेयजल, बिजली और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं हैं। परियोजना सिरे चढ़ती है तो आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। यह क्षेत्र नाहन और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों की सीमा के साथ लगता है।
जाठिया देवी, शीतलपुर और लंज में भी नए शहरों की तैयारी
प्रदेश सरकार ने सुरला जनोट के अलावा तीन अन्य स्थानों पर भी नए शहर विकसित करने की योजना बनाई है। इनमें शिमला का जाठिया देवी, सोलन जिले का बद्दी स्थित शीतलपुर और कांगड़ा जिले का लंज शामिल है।
शिमला के जाठिया देवी में 157 आवासीय प्लॉट और एक, दो व तीन बेडरूम वाले कुल 762 फ्लैट प्रस्तावित हैं। यहां व्यावसायिक इकाइयों, स्कूल और सामुदायिक भवन की योजना भी है। इस परियोजना को नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की मंजूरी मिल चुकी है और रेरा पंजीकरण के लिए आवेदन किया गया है।
बद्दी के शीतलपुर में हिम चंडीगढ़ सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इसके लिए 7042 बीघा 18 बिस्वा सरकारी जमीन आवास विभाग के नाम हस्तांतरित की जा चुकी है।
इसके अतिरिक्त 8435 बीघा 4 बिस्वा निजी भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं, कांगड़ा के लंज में नए शहर के लिए अभी जमीन चयन की प्रक्रिया जारी है।
- ये भी पढ़ें : मंडी में गैर पंजीकृत दुग्ध सभाओं के पंजीकरण का कार्य पूर्ण, गैस एजेंसी की डीलरशिप के लिए प्राथमिक कृषि सहकारी सभाएं पात्र
- ये भी पढ़ें : अदालतों में अटके विवादों को सुलझाने का मौका, सोलन में शुरू हुआ ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0’ अभियान




