HomeHimachalSirmaur11 घंटे बहाली के बाद फिर अवरूद्ध हुआ पांवटा साहिब-शिलाई NH-707, जिले...

11 घंटे बहाली के बाद फिर अवरूद्ध हुआ पांवटा साहिब-शिलाई NH-707, जिले में 52 सड़कें क्षतिग्रस्त

हाइवे बंद होने के कारण लोगों को खासी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की लंबी कतारें दोनों तरफा लगी हैं।

नाहन : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाइवे-707 पर फिर वाहनों की ब्रेक लग गई है। वीरवार सुबह 11 बजे एक बार फिर उतरी क्षेत्र में पहाड़ से बड़ी-बड़ी चट्टानें आने के कारण यह हाइवे बंद हो गया। देर रात तक ही इसके बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

बता दें कि गत बुधवार तड़के 5 बजे उतरी में पहाड़ से बड़ी-बड़ी चट्टानें आने के कारण यह हाइवे बंद हो गया था, जिसे 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे बहाल किया जा सका।

इसके बाद करीब 11 घंटे हाइवे पर आवाजाही सुचारू रही, लेकिन वीरवार सुबह 11 बजे इसी प्वाइंट पर फिर भारी मात्रा में चट्टानें पहाड़ी से सड़क पर आ गिरी। हाइवे बंद होने के कारण लोगों को खासी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की लंबी कतारें दोनों तरफा लगी हैं। हालांकि, छोटे वाहन वाया नाया-गंगटोली होकर गुजर रहे हैं, लेकिन भारी व बड़े वाहन दोनों तरफा खड़े हैं।

ये भी पढ़ें:  दशकों का इंतजार खत्म! अप्रैल से जमीन पर उतरेगा रेणुकाजी बांध, पहले चरण में शुरू होगा 910 करोड़ का ये बड़ा काम

उधर, एसडीएम शिलाई जसपाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि उतरी में हाइवे एक बार फिर भूस्खलन से बंद हो गया है, जिसे बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। देर रात तक हाइवे के बहाल होने की उम्मीद है।

52 सड़कें भी बंद, 1.70 करोड़ का नुकसान
जिला आपदा प्रबंधन सिरमौर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 24 घंटे के भीतर जिले में भारी बारिश से लोक निर्माण विभाग की 52 सड़कें फिर ठप हो गईं। विभाग ने इसका 1.70 करोड़ रुपए नुकसान आंका है। हालांकि, विभाग ने सड़कों को खोलने का कार्य भी जारी रखा है।

शिलाई डिवीजन में सबसे ज्यादा 22 सड़कें, जबकि पांवटा साहिब में 11, राजगढ़ और नाहन में 6-6, संगड़ाह में 5 और पच्छाद डिवीजन में 2 सड़कें बंद रहीं। हालांकि, विभाग ने वीरवार शाम तक इनमें से कई सड़कों को बहाल कर दिया है, लेकिन बारिश के बीच बार-बार भूस्खलन होने से सड़कों को खोलने का कार्य भी बाधित हो रहा है। इसके चलते कई क्षेत्रों का संपर्क जिला मुख्यालय के साथ साथ उपमंडल मुख्यालयों से कट रहा है।

ये भी पढ़ें:  महिला कर्मी छेड़छाड़ केस: पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर, आरोपी की बढ़ीं चौतरफा मुश्किलें
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More