ददाहू : जिला सिरमौर के ददाहू क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर अपनी मां के साथ दराटी और डंडे से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित मां की शिकायत पर पुलिस थाना रेणुकाजी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता गुरुदेवी ने पुलिस को बताया कि 12 अक्तूबर को उसके बेटे हरिश ने पहले लोहे की दराटी से उस पर हमला किया और फिर डंडे से मारपीट की। इस घटना में उसे काफी चोटें आईं।
शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान बहू चंचल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट करने की कोशिश की।
आरोप है कि आरोपी ने उन दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना रेणुकाजी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
माजरा में पुलिस ने पकड़ी 8 लीटर अवैध शराब
पुलिस थाना माजरा की टीम ने जामनीवाला में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8 लीटर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में खारा गांव निवासी मान सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, टीम जामनीवाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर मान सिंह निवासी गांव खारा के कब्जे से 8 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस थाना माजरा में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
