बीबीएन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के गांव मखनूमाजरा में शनिवार शाम एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग मामले में पुलिस ने हमलावरों की तलाश में 5 टीमें गठित की हैं। घायल युवक का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है। लोगों के मुताबिक क्रेटा गाड़ी में आए हमलावरों ने करीब 20 राउंड फायर किए, जिसमें दो से तीन गोलियां मखनूमाजरा निवासी बलविंदर उर्फ बल्लू की टांग, बाजू और पेट पर लगीं। प्रारंभिक जांच में यह गोलीकांड रंजिश का बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार बलविंदर अपने कुछ साथियों के साथ मखनूमाजरा मुख्य सड़क पर मौजूद था। इसी दौरान एक कार में सवार अज्ञात व्यक्ति मौके पर पहुंचे और चार से पांच हमलावरों ने उस पर गोलियां दाग दीं। वारदात के तुरंत बाद वह मौके से फरार हो गए। हालांकि अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। बलविंदर को घायल हालत में सीएचसी बद्दी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



