होमCrimeनाहन: बैंक से बुजुर्ग ने निकाली 50 हजार की नकदी, घर पहुंचते...

नाहन: बैंक से बुजुर्ग ने निकाली 50 हजार की नकदी, घर पहुंचते ही शातिरों ने कर दिया हाथ साफ

पीड़ित ने मामले की शिकायत डीएसपी मुख्यालय को सौंपकर आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है।

नाहन : बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग की जेब से 50 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है।

ये वारदात नाहन में पेश आई। आरोप है कि दो से तीन युवक बैंक से ही बुजुर्ग का पीछा कर रहे थे। घर के गेट पर युवकों ने कथित तौर पर उनकी जेब से नकदी निकाल ली।

इस मामले में नाहन के जैन मंदिर के समीप रहने वाले विजय कुमार जैन ने डीएसपी मुख्यालय को लिखित शिकायत दी है। पीड़ित ने  मामले में आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 2 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने बैंक से 50 हजार रुपये निकाले और नकदी अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रख ली।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में सेब से लदी पिकअप खाई में गिरी, वाहन में चालक समेत 2 लोग थे सवार, नायब तहसीलदार ने लिया हादसे का जायजा

विजय कुमार जैन के मुताबिक, बैंक से निकलने के बाद वह दिल्ली गेट, बड़ा चौक होते हुए जैन बाजार वाली गली से अपने घर पहुंचे। इस दौरान दो से तीन युवक कभी आगे तो कभी पीछे चलते हुए उनका पीछा कर रहे थे।

घर के गेट पर पहुंचकर जब वह ताला खोलने लगे तो दो युवक उनके नजदीक आ गए। इसी दौरान किसी ने उनकी दाहिनी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए।

पीड़ित ने शिकायत में बताया कि वारदात के दौरान एक युवक ने उनसे बस स्टैंड जाने का रास्ता भी पूछा था। उन्होंने उसे रास्ता बता दिया, जिसके बाद युवक वहां से चले गए।

ये भी पढ़ें:  अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़का टिप्पर, चालक ने कूदकर बचाई जान

घर पहुंचने पर जब वह जेब से नकदी निकालने लगे तो पूरी रकम गायब मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की और बैंक जाकर भी जानकारी जुटाई, लेकिन नकदी का कोई सुराग नहीं मिला।

शिकायतकर्ता ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद कुछ युवकों पर संदेह जताया है। उनका दावा है कि फुटेज में संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस बैंक से लेकर घर तक के रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।

डीएसपी मुख्यालय शक्ति सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत मंगलवार को प्राप्त हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:  नाहन-श्री रेणुकाजी सड़क पर भारी भूस्खलन, 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह अवरूद्ध

डीएसपी ने लोगों से अपील की कि त्योहारों के सीजन में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए बैंक से नकदी निकालने के बाद विशेष सावधानी बरतें और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More