
शिमला : भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025’ में हिमाचल प्रदेश के परवाणू शहर ने देश भर में दूसरा स्थान हासिल किया है।
परवाणू को ये उपलब्धि 3 लाख से कम जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में देश के सबसे स्वच्छ हवा वाले नगरों में से एक रूप में मिली है।
नई दिल्ली के इंदिरा पर्यावरण भवन में आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव और राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने यह पुरस्कार सौंपा।
इस सम्मान के साथ हिमाचल प्रदेश को ₹25 लाख का नकद पुरस्कार भी मिला है, जिसका उपयोग क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में और सुधार लाने के लिए किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. प्रवीण चंद्र गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों ने यह सफलता दिलाई है।
उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, स्थानीय प्रशासन और परवाणू शहर के नागरिकों के समर्पित योगदान को भी दर्शाता है, जिन्होंने मिलकर स्वच्छ और स्वस्थ वायु सुनिश्चित करने के लिए काम किया।






