HomeHimachalडॉ. राघव की बर्खास्तगी पर भड़का पांवटा साहिब, बाजार बंद कर सरकार...

डॉ. राघव की बर्खास्तगी पर भड़का पांवटा साहिब, बाजार बंद कर सरकार के खिलाफ निकाली आक्रोश रैली, मां रजनी भी हुईं शामिल

आईजीएमसी शिमला में रेजिडेंट डॉक्टर और मरीज के बीच हुई मारपीट के मामले में डॉ. राघव निरूला की सेवाएं बर्खास्त करने के विरोध में उनके गृह क्षेत्र पांवटा साहिब में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान बाजार पूरी तरह बंद रहा।

पांवटा साहिब : आईजीएमसी शिमला में रेजिडेंट डॉक्टर और मरीज के बीच हुई मारपीट मामले में डॉ. राघव निरूला की सेवाएं बर्खास्त करने के विरोध में शुक्रवार को उनके गृह क्षेत्र पांवटा साहिब में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान बाजार पूरी तरह बंद रहा। स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी और रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन की अगुवाई में मुख्य बाजार में विरोध रैली निकाली गई और दोपहर 1 बजे तक व्यापारिक संस्थान बंद रखे गए।

विरोध प्रदर्शन में शामिल डॉक्टरों और सामाजिक संगठनों ने सरकार की कार्यप्रणाली और डाक्टर के खिलाफ की गई एकतरफा कार्रवाई पर सवाल उठाए। स्थानीय डॉक्टरों ने कहा कि जब किसी डॉक्टर पर ड्यूटी के दौरान हमला होता है, तो कार्रवाई में सालों लग जाते हैं, लेकिन इस मामले में बिना विस्तृत जांच के मात्र तीन दिनों के भीतर डॉ. राघव को टर्मिनेट कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे अन्यायपूर्ण और जल्दबाजी में लिया गया फैसला करार दिया।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल : बल्क ड्रग पार्क के निर्माण को पर्यावरण की मंजूरी, 20 हजार को मिलेगा रोजगार

रैली में डॉ. राघव निरूला की माता रजनी निरूला भी शामिल हुईं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके बेटे के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई है। उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा उनके बेटे को ‘गुंडा’ कहे जाने पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि एक शिक्षित डॉक्टर के लिए इस तरह की शब्दावली का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि सरकार बदले की भावना और दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. राघव के साथ पूरा पांवटा साहिब खड़ा है और यदि सरकार ने अपनी दमनकारी नीति नहीं बदली और बर्खास्तगी वापस नहीं ली, तो इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस मौके पर सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  जिला शिमला में बनेंगे आठ राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, हर विधानसभा क्षेत्र में फाइनल हुई जमीन
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More