होमHimachalShimlaहिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र आज से, सत्ता पक्ष और विपक्ष के...

हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र आज से, सत्ता पक्ष और विपक्ष के तेवर तल्ख… हंगामे के आसार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। तीन सितंबर तक चलने वाले इस सत्र में कुल 10 बैठकें होंगी।

शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। तीन सितंबर तक चलने वाले इस सत्र में कुल 10 बैठकें होंगी। सत्र से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के तेवर तल्ख हैं। ऐसे में सदन के भीतर विभिन्न मुद्दों पर जोरदार बहस और हंगामे के आसार बने हुए हैं। भाजपा ने सरकार को घेरने की तैयारी की है, जबकि सत्ता पक्ष ने भी विपक्ष के आरोपों का पलटवार करने की रणनीति बनाई है। सदन में विधायकों की ओर से 1036 सवाल भेजे गए है। सत्र की पहली बैठक आज सुबह 11 बजे शुरू होगी।

विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से दी गई 10 गारंटियां सत्र में भाजपा के प्रमुख मुद्दों में रहेंगी। इसके अलावा बेरोजगारी, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, बंद किए गए शिक्षण संस्थान, कानून व्यवस्था और प्रदेश में चिट्टे के बढ़ते नेटवर्क को लेकर विपक्ष सरकार से जवाब मांग सकता है। विधायकों ने सवालों के जरिए प्रदेश में भारी बारिश और आपदा से हुए नुकसान, सड़कों और पेयजल योजनाओं की स्थिति, शिक्षा विभाग में रिक्त पदों, CBSE स्कूलों में प्रधानाचार्यों और प्रवक्ताओं की तैनाती और स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा है। मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक मशीनों, दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े सवाल भी सदन में उठने वाले हैं।

ये भी पढ़ें:  मेडिकल कॉलेज नाहन की बदहाली पर सरकार पर तीखा हमला, बिंदल बोले- हालात नहीं सुधरे तो होगा बड़ा जन आंदोलन

विधानसभा सचिवालय को सत्र के लिए 1000 से अधिक प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इनमें विभिन्न विभागों से संबंधित जनहित के मुद्दे शामिल हैं। सदन में नियम-130 के तहत प्रदेश में निर्माणाधीन चिकित्सा संस्थानों के भवनों, दवाओं की उपलब्धता, रिक्त पदों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से संबंधित महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा भी प्रस्तावित है।

विपक्ष जहां जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं सत्तापक्ष ने भी विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब तैयार कर लिए हैं। ऐसे में मानसून सत्र के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक नोकझोंक देखने को मिल सकती है।

ये भी पढ़ें:  साइबर आपदा तैयारी पर चंडीगढ़ में हुई राष्ट्रीय कार्यशाला, हिमाचल से 12 अधिकारियों ने लिया हिस्सा

सत्र को लेकर पुलिस की कड़ी सुरक्षा
मानसून सत्र के दौरान शिमला में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहेगी। विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र को तीन मुख्य सेक्टरों तथा विभिन्न उप-सेक्टरों में बांटा गया है। सत्र के दौरान करीब 750 पुलिस कर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रत्येक उप-सेक्टर की जिम्मेदारी राजपत्रित पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है। दक्षिणी रेंज की पुलिस उपमहानिरीक्षक अंजुम आरा और एसपी शिमला गौरव सिंह ने सुरक्षा में तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

सत्र के दौरान रात के समय भी विशेष चेकिंग और गश्त जारी रहेगी। होटलों, सरायों और अन्य ठहरने वाले स्थानों की जांच की जा रही है। पुलिस का खुफिया और आसूचना तंत्र भी सक्रिय कर दिया गया है। विधानसभा परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल: आर्थिक तंगी से परेशान मां ने बीमार बेटे के साथ उठाया ये खौफनाक कदम, इलाके में हड़कंप 
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More