नाहन : जिला स्तरीय अंडर-19 खेल प्रतियोगिता में करिअर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टेबल टेनिस में अपना दबदबा कायम किया।
स्कूल की गर्ल्स टेबल टेनिस टीम ने जिला विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बॉयज टेबल टेनिस टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर स्कूल के सात खिलाड़ियों का विभिन्न खेलों में राज्य स्तरीय टूर्नामेंट के लिए चयन हुआ है।
बॉयज टेबल टेनिस टीम में अर्णव भारद्वाज, आर्यमान, सक्षम बंसल और यदुराज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में फुटबॉल में वैष्णवी, कनिका और अक्षय, बास्केटबॉल में काव्या तथा टेबल टेनिस में नंदिता, कल्पना, नव्या और अर्णव शामिल हैं। स्कूल के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि विद्यार्थियों ने अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर तक जगह बनाई है।
प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेलों में प्रतिभा निखारने के लिए विद्यार्थियों को लगातार अवसर उपलब्ध कराता रहेगा।
चेयरमैन एसएस राठी ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, लगन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। डायरेक्टर मधुलिका राठी और मनोज राठी ने भी खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
