पांवटा साहिब : जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान SIU नाहन की टीम ने पुरुवाला में एक युवक को चिट्टा और नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि SIU नाहन की टीम पुरुवाला में पोंटिका कंपनी के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि पुरुवाला-कांशीपुर निवासी शाहरुख खान क्षेत्र में नशीले कैप्सूल और चिट्टा/स्मैक बेचने का काम करता है और आज भी नशीले पदार्थ बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शाहरुख खान को रोककर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.43 ग्राम चिट्टा/स्मैक तथा 56 SPASPEACE (Tramadol) कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
पच्छाद में पकड़ी देशी शराब
राजगढ़ : पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक चाय के ढाबे से 8 बोतल देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने ढाबा संचालक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि थाना पच्छाद की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कुलदीप उर्फ बबलू निवासी शरगांव, तहसील राजगढ़ के चाय के ढाबे पर कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान वहां से 8 बोतलें देशी शराब बरामद हुईं।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
