त्रिलोकपुर : जिला सिरमौर के त्रिलोकपुर स्थित प्रसिद्ध महामाया श्री बालासुंदरी मंदिर परिसर में अब श्रद्धालुओं को आस्था के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा। यहां मंदिर परिसर के शिव मंदिर तालाब में नौका विहार सुविधा शुरू कर दी गई है, जबकि तालाब, कैफेटेरिया और पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। शनिवार को स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने इन विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ करते हुए कुल 1.60 करोड़ रुपये की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी अब नई दिशा मिलेगी।

महामाया श्री बालासुंदरी मंदिर पहुंचने पर विधायक अजय सोलंकी का मंदिर न्यास समिति और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। उन्होंने श्री बालासुंदरी के दर्शन किए और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत विधायक ने नौका विहार का शुभारंभ करने के साथ करीब 30 लाख रुपये की लागत से शिव मंदिर तालाब, कैफेटेरिया और पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर तालाब में बत्तखें और मछलियां भी छोड़ी गईं, जिससे परिसर की सुंदरता और आकर्षण और बढ़ गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने नव निर्मित पशु औषधालय का उद्घाटन किया। साथ ही श्री महामाया बाला सुंदरी गोशाला त्रिलोकपुर मंदिर न्यास के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। उद्घाटन और शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नौका विहार, प्रस्तावित गार्डन और अन्य सुविधाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा और वे मंदिर परिसर से और अधिक जुड़ाव महसूस करेंगे।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में पहले से ऐतिहासिक धरोहरों को संजोने वाला म्यूजियम मौजूद है, लेकिन अब नए विकास कार्यों से इन सभी सुविधाओं की विजिबिलिटी बढ़ेगी और इनका पूरा लाभ श्रद्धालुओं को मिल सकेगा। इससे मंदिर न्यास समिति की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी और एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने नौका विहार का लुत्फ उठाया। इस अवसर सड़क सुरक्षा क्लब कालाअंब के अध्यक्ष सोमनाथ भाटिया, त्रिलोकपुर पंचायत की प्रधान रजनी चौहान, वार्ड सदस्य भूपेंद्र, वार्ड सदस्य डॉ. सुरेश, सुरेंद्र, निखिल पुंडीर समेत कई जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिससे पूरा मंदिर परिसर उत्सव के माहौल में नजर आया।


